PM Kisan 23rd Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर केंद्र सरकार देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शनिवार को लगभग 3:45 बजे प्रधानमंत्री 23वीं किस्त के तहत 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर करेंगे। इस किस्त में 2 करोड़ 18 लाख से अधिक महिला किसानों को भी लाभ मिलेगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 24 फरवरी 2019 को शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक कुल वितरण राशि 4 लाख 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगी। पश्चिम बंगाल में इस किस्त के तहत 45 लाख 35 हजार से अधिक लाभार्थियों को 907 करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक की राशि प्राप्त होगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है, जो सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। इससे पहले 13 मार्च 2026 को योजना की 22वीं किस्त जारी की गई थी।
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को कुछ अनिवार्य शर्तों का पालन करना होता है। बिना ई-केवाईसी (e-KYC) के भुगतान नहीं किया जाता। साथ ही बैंक खाता आधार से लिंक होना आवश्यक है और फार्मर आईडी का होना भी जरूरी है। भूमि रिकॉर्ड का सही होना भी अनिवार्य शर्तों में शामिल है। इन शर्तों के पूरा न होने पर किस्त का भुगतान अटक सकता है।
पात्र किसान अपना स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के ‘Farmers Corner’ सेक्शन में जाकर ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर “Get Report” पर क्लिक करके स्थिति देखी जा सकती है।
यदि किसी किसान को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता है, तो वह ‘Know Your Registration Number’ विकल्प पर जाकर आधार या लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसके बाद OTP और कैप्चा कोड दर्ज कर बेनिफिशियरी स्टेटस देखा जा सकता है।