DESK: जन्मदिन का केक खाने के बाद 7 बच्चों समेत 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आईसीयू में रखा गया है। घटना महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा की है, जहां इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने केक का सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार शाम नालासोपारा के ताकीपाड़ा इलाके के नीलकंठेश्वर में हुई। एक 25 वर्षीय महिला का जन्मदिन मनाने के लिए परिवार और स्थानीय लोग एकत्र हुए थे। शाम करीब 6 बजे कुछ बच्चे जन्मदिन का केक लेकर पहुंचे। केक खाने के कुछ देर बाद बच्चों ने सीने में जलन की शिकायत की और इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगीं।
केक में मरी हुई छिपकली मिलने का दावा
पुलिस अधिकारी के अनुसार, बच्चों ने केक के अंदर मरी हुई छिपकली मिलने की बात कही है। घटना के बाद सभी बच्चों को विजयलक्ष्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर विद्या सावंत ने बताया कि बाकी बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर है। मामले की जानकारी मिलते ही तुलिंज पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने केक का सैंपल भी जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
बेकरी पर FDA की कार्रवाई
घटना के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने उस बेकरी पर छापा मारा, जहां से केक खरीदा गया था। अधिकारियों ने बेकरी का लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। पुलिस का कहना है कि लोगों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। केक के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता चल सकेगा।