1 जून 2026 से देशभर में कई ऐसे बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आम लोगों की जेब, बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस सिलेंडर और यात्रा पर पड़ने वाला है। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी कई नए नियम लागू होंगे, लेकिन इस बार बदलाव काफी बड़े माने जा रहे हैं। PAN कार्ड से जुड़े नियमों में राहत दी गई है, वहीं UPI फ्रॉड रोकने के लिए नया सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसके अलावा LPG सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल, रेलवे और बैंकिंग सेक्टर में भी अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं।


PAN कार्ड के नियमों में बड़ा बदलाव

आयकर विभाग ने PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा फेरबदल किया है। अब बैंक में एक दिन में 50 हजार रुपये से ज्यादा नकद जमा करने पर PAN कार्ड दिखाना जरूरी नहीं होगा। इससे छोटे व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


हालांकि बड़े लेन-देन पर सरकार अब और ज्यादा सख्ती करने जा रही है। अब 45 लाख रुपये से अधिक की प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री, गिफ्ट डीड और जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट में PAN कार्ड देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा सालभर में 10 लाख रुपये से ज्यादा कैश निकासी करने वालों पर आयकर विभाग की नजर पहले की तरह बनी रहेगी।


सरकार पुराने Form-60 की जगह अब नया Form-97 लागू करने जा रही है, जिससे बड़े ट्रांजेक्शन की निगरानी और मजबूत होगी।


UPI से ठगी करना अब होगा मुश्किल

ऑनलाइन फ्रॉड और फर्जी UPI पेमेंट मामलों को रोकने के लिए NPCI नया “Verified Name System” लागू कर रहा है। अब पैसे भेजते समय सामने वाले का वही नाम दिखाई देगा जो बैंक खाते में दर्ज है। इस नए सिस्टम के बाद फर्जी नाम, निकनेम या एडिटेड UPI आईडी के जरिए लोगों को ठगना आसान नहीं रहेगा। इससे डिजिटल पेमेंट ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी होगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में UPI फ्रॉड के मामलों में इससे बड़ी कमी आ सकती है।


LPG सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नजर

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर और ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पिछले महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई थी। अब 1 जून को एक बार फिर नई कीमतें जारी होंगी। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में राहत मिलेगी या महंगाई बढ़ेगी, इस पर सबकी नजर बनी हुई है। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।


रेलवे का बड़ा ब्लॉक, 77 ट्रेनें रहेंगी रद्द

अगर आप जून में यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें। रेलवे ट्रैक अपग्रेड और तकनीकी काम के कारण जून में 77 ट्रेनें रद्द रहेंगी। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात से गुजरने वाली कई सुपरफास्ट और लंबी दूरी की ट्रेनों के समय और रूट में भी बदलाव किया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।


सोलर सेक्टर में लागू होंगे नए नियम

1 जून से सरकार सोलर सेक्टर में ALMM नियमों को और सख्ती से लागू करने जा रही है। अब सरकारी योजनाओं और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट में केवल Approved कंपनियों के सोलर पैनल और मॉड्यूल ही इस्तेमाल किए जा सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे “मेक इन इंडिया” को बढ़ावा मिलेगा और बाजार में घटिया क्वालिटी वाले उत्पादों पर रोक लगेगी। हालांकि शुरुआती दौर में सोलर पैनल की कीमतें थोड़ी बढ़ सकती हैं।


बैंकिंग और EMI पर भी असर संभव

जून महीने में कई बैंक ATM ट्रांजेक्शन फीस, कैश निकासी लिमिट और दूसरे चार्ज में बदलाव कर सकते हैं। इसके अलावा RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक भी होने वाली है। अगर रिजर्व बैंक रेपो रेट में बदलाव करता है, तो होम लोन, कार लोन और दूसरी EMI महंगी या सस्ती हो सकती हैं। FD पर मिलने वाले ब्याज में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।