Nepal Helicopter Accident: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में एक बड़ा हेलिकॉप्टर हादसा हुआ है। यहां फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय दो हेलिकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में भारतीय मूल के एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में हेलिकॉप्टर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं।




लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराए

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए, जिससे यह हादसा हुआ।प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी में दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे टकराने की बात सामने आई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।




भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत

इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान भारतीय मूल के वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान शैलेश किशन पटेल के तौर पर की गई है। वह भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में हेलिकॉप्टर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई है।




पुलिस ने की हादसे की पुष्टि

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी इस दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए थे। फिलहाल नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और संबंधित अधिकारी हादसे की विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।