काठमांडू: नेपाल इन दिनों विनाशकारी बाढ़ और भारी तबाही से जूझ रहा है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच कुछ ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिन्होंने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। बाढ़ में बहकर आई एक तिजोरी को तोड़कर उसमें रखे करीब 92.68 लाख रुपये निकालने के आरोप में पुलिस ने 29 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नारायणी नदी में बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो अन्य लोगों को भी अरेस्ट किया गया है। इस तरह दोनों मामलों में कुल 31 लोगों पर कार्रवाई हुई है।
बाढ़ में बहकर आई तिजोरी से निकाले 92 लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ के दौरान एक तिजोरी बह गई थी। बाद में यह तिजोरी धाडिंग जिले के गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 के बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ स्थानीय लोगों ने तिजोरी तोड़कर उसके अंदर रखी कैश को निकाल लिया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद रकम वास्तव में किसकी थी और इस मामले में कितने अन्य लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग गलछी-4 के मस्तर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर के निवासी हैं। कुछ अन्य आरोपी चितवन और परसा के मूल निवासी हैं, जो वर्तमान में धाडिंग में रह रहे थे।
महिला के शव से सोने की बालियां निकालने का वीडियो वायरल
इसी बीच नेपाल से एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। नारायणी नदी में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए एक महिला के शव से सोने की बालियां निकालने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दो व्यक्ति बाढ़ के पानी में बहकर आए एक मृत महिला के शव के कानों से कथित तौर पर जबरदस्ती सोने की बालियां निकालते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नेपाल में 626 लोगों की मौत, 2,426 अब भी लापता
नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को बाढ़ से हुए नुकसान के आंकड़ों में संशोधन किया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, नेपाल में बाढ़ और आपदा से मृतकों की पुष्टि की संख्या बढ़कर 626 हो गई है, जबकि 2,426 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। विनाशकारी बाढ़ के कारण नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। राहत और बचाव अभियान के बीच सामने आ रही लूट और शवों के साथ अमानवीय व्यवहार की घटनाओं ने इस आपदा की भयावहता को और बढ़ा दिया है।