Dosa Rat Video Viral: मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित एक होटल में डोसे के अंदर चूहा मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला कथित तौर पर पैसे की मांग तक पहुंच गया। होटल मालिक ने आरोप लगाया कि वीडियो को सोशल मीडिया पर और फैलाने की धमकी देकर उससे रकम मांगी गई। बोरीवली पुलिस ने मामले में 5 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कर दो लोगों को आरोपी बनाया है।



मामला 24 सितंबर को बोरीवली वेस्ट स्थित राधाकृष्ण होटल-बुफे-फास्ट फूड में हुई घटना से जुड़ा है। आरोप के मुताबिक, होटल आए लोगों में से एक ने डोसा ऑर्डर किया था, जिसमें चूहा मिलने का दावा किया गया। घटना का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।



घटना के कुछ दिनों बाद 28 सितंबर को फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने होटल का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद होटल बंद रहा। होटल मालिक ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि बाद में वायरल वीडियो का इस्तेमाल कर उससे पैसे की मांग की जाने लगी। उसके मुताबिक, वीडियो को और फैलाने और अन्य कार्रवाई की धमकी दी गई।



होटल मालिक का दावा है कि शुरुआत में 25 लाख रुपये मांगे गए। बाद में रकम घटाकर 20 लाख और फिर 15 लाख रुपये कर दी गई। आखिरकार 7 लाख रुपये में मामला तय होने की बात हुई और उसने 1 लाख रुपये नकद बतौर टोकन देने का दावा किया।



होटल मालिक के अनुसार, बाकी 6 लाख रुपये के लिए 30 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच लगातार फोन कॉल और व्हाट्सऐप के जरिए दबाव बनाया गया। उसने आरोप लगाया कि रकम नहीं देने पर वीडियो दोबारा फैलाने और अन्य परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।



होटल मालिक ने 29 सितंबर को बोरीवली पुलिस से संपर्क किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और रकम की मांग जारी रहने पर कार्रवाई की योजना बनाई। 5 अक्टूबर को शिकायतकर्ता को बाकी रकम की व्यवस्था करने को कहा गया। शाम करीब 5:45 बजे 6 लाख रुपये लेते समय पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।



पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस मूल घटना के साथ-साथ उसके बाद हुई कथित पैसों की मांग की भी जांच कर रही है। जांच में वायरल वीडियो, फोन कॉल, व्हाट्सऐप बातचीत, नकद लेन-देन और होटल का लाइसेंस सस्पेंड किए जाने से जुड़े तथ्यों को शामिल किया गया है। एफआईआर में होटल मालिक की ओर से लगाए गए आरोप दर्ज हैं और मामले की जांच जारी है।