DESK: जिंदगी और मौत के बीच महज कुछ सेकंड का फासला... घर के बाहर स्कूटर खड़ी कर रहे थे, तभी अचानक आए कार्डियक अरेस्ट ने उनकी जान ले ली। मध्य प्रदेश के गुना में वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र श्रीमाल की मौत का CCTV फुटेज सामने आया है। लेकिन मौत के बाद भी वे दो लोगों की जिंदगी में रोशनी भरने की वजह बन गए। उनके परिवार ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है। 


मध्य प्रदेश के गुना में अचानक मौत का मामला सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र श्रीमाल की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जाता है कि वे अपने घर के बाहर स्कूटर खड़ी कर रहे थे, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़े। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें उनके जीवन के आखिरी पल कैद हो गए हैं। वहीं, इस दुख की घड़ी में परिवार ने नेत्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है।


मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र श्रीमाल रोजाना की तरह अपने घर पहुंचे थे। वे घर के बाहर अपनी स्कूटर खड़ी कर ही रहे थे, कि इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वो जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों और परिजनों को कुछ भी समझने का मौका नहीं मिला।


CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि स्कूटर खड़ी करने के दौरान कैसे वो अचानक जमीन पर गिर गये। बताया जाता है कि हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गयी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वही परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। 


लोकेंद्र श्रीमाल गुना के जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ताओं में शामिल थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिला न्यायालय परिसर और अधिवक्ता समुदाय में शोक छा गया। साथी अधिवक्ताओं और परिचितों ने उनके आकस्मिक निधन पर गहरा दुख जताया।


इस दुखद घटना के बीच श्रीमाल परिवार ने मानवता की मिसाल पेश की है। बताया गया है कि लोकेंद्र श्रीमाल ने अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लिया था। उनके निधन के बाद परिजनों ने उनके इस संकल्प को पूरा करते हुए नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई।


परिवार के इस फैसले से दो दृष्टिहीन लोगों को नई रोशनी मिलने की उम्मीद है। एक तरफ परिवार अपने प्रिय सदस्य को खोने के गम में है, तो दूसरी तरफ उनके नेत्रदान से दो लोगों की जिंदगी में उजाला आने की उम्मीद जगी है।


लोकेंद्र श्रीमाल का अचानक दुनिया से चले जाना गुना शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका नेत्रदान समाज को यह संदेश दे गया कि इंसान दुनिया से जाने के बाद भी किसी की जिंदगी रोशन कर सकता है।