Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब तक देश के 12 राज्यों में दस्तक दे चुका है। केरल से प्रवेश करने के बाद मॉनसून कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों तक पहुंच गया है, जहां लगातार बारिश हो रही है। महाराष्ट्र में भी मॉनसून का प्रभाव दिखाई देने लगा है। दूसरी ओर, उत्तर भारत के कई हिस्से अभी भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है।


11 जून से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 9 और 10 जून को हीटवेव जारी रहने का अनुमान है, जबकि 10 जून के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले दो दिनों में राजधानी का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।


राजस्थान और मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश

राजस्थान के श्रीगंगानगर में धूलभरी आंधी के बाद बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 8 जून को भी कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई।


दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में रेड अलर्ट

मॉनसून के प्रभाव को देखते हुए कर्नाटक और केरल में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर भारत में भी झमाझम बारिश का दौर जारी है। मॉनसून त्रिपुरा, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, असम और मिजोरम तक पहुंच चुका है। कई स्थानों पर भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।


5 जुलाई तक पूरे देश में होगा एक्टिव

मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जुलाई तक मॉनसून पूरे देश को कवर कर लेगा। अगले दो दिनों तक दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं ओडिशा, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।


दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना

10 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।


उत्तर प्रदेश में मौसम के दो रंग

उत्तर प्रदेश में मौसम का अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल रहा है। पश्चिमी यूपी में 9 और 10 जून को लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। वहीं 10 जून के बाद बारिश होने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।


उत्तराखंड-हिमाचल में बढ़ेंगी गतिविधियां

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 8 और 9 जून को हल्की बारिश की संभावना है। 11 जून से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।


बिहार और झारखंड में भी बदलेगा मौसम

बिहार में 10 जून के बाद बारिश की संभावना जताई गई है। 11 जून को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। फिलहाल अगले दो दिन भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है। वहीं झारखंड में 8 जून को 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।