Meta's paid subscription: दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल Meta ने ऐसा ऐलान किया है, जिसने करोड़ों यूजर्स को सोचने पर मजबूर कर दिया है। Instagram, Facebook और WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोगों के बीच इन दिनों सिर्फ एक ही चर्चा हो रही है… क्या अब सोशल मीडिया चलाने के लिए भी हर महीने पैसे देने पड़ेंगे?
दरअसल Meta ने अपने प्लेटफॉर्म्स के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी अब “Plus” और “Premium” जैसे नए प्लान्स लेकर आ रही है, जिनके तहत यूजर्स को कई एक्सक्लूसिव फीचर्स और एडवांस टूल्स मिलेंगे। हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि ऐप्स का बेसिक इस्तेमाल पहले की तरह फ्री रहेगा, लेकिन जिन लोगों को ज्यादा कंट्रोल, बेहतर कस्टमाइजेशन और प्रीमियम एक्सपीरियंस चाहिए, उन्हें अब जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
Meta के इस फैसले को कंपनी की नई कमाई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब तक Meta की कमाई का सबसे बड़ा जरिया विज्ञापन रहा है, लेकिन अब कंपनी सिर्फ एड्स पर निर्भर नहीं रहना चाहती। यही वजह है कि Meta धीरे-धीरे अपने प्लेटफॉर्म्स पर पेड फीचर्स बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक Instagram Plus और Facebook Plus प्लान की कीमत करीब 3.99 डॉलर यानी लगभग 380 से 390 रुपये महीने हो सकती है। वहीं WhatsApp Plus के लिए करीब 2.99 डॉलर यानी लगभग 290 रुपये महीने खर्च करने पड़ सकते हैं। हालांकि भारत में इन प्लान्स की आधिकारिक कीमत अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि कंपनी जल्द ही अलग-अलग देशों के हिसाब से कीमत तय करेगी।
सबसे ज्यादा चर्चा WhatsApp Plus को लेकर हो रही है। करोड़ों लोग हर दिन WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं और अब इसमें कई नए फीचर्स जोड़ने की तैयारी है। रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp Plus यूजर्स को कस्टम थीम, अलग-अलग चैट डिजाइन, यूनिक रिंगटोन, प्रीमियम स्टिकर्स और ज्यादा चैट पिन करने का फीचर मिलेगा। यानी अब WhatsApp सिर्फ मैसेजिंग ऐप नहीं बल्कि पूरी तरह पर्सनलाइज्ड एक्सपीरियंस देने वाला प्लेटफॉर्म बनने जा रहा है।
वहीं Instagram Plus में भी कई ऐसे फीचर्स दिए जाएंगे जो अभी तक सामान्य यूजर्स को नहीं मिलते। यूजर्स यह देख पाएंगे कि उनकी स्टोरी कितनी बार दोबारा देखी गई। इसके अलावा क्लोज फ्रेंड्स फीचर से आगे बढ़कर अनलिमिटेड स्टोरी ऑडियंस लिस्ट बनाने की सुविधा भी मिलेगी। इतना ही नहीं, बिना अपना नाम दिखाए किसी की स्टोरी प्रीव्यू देखने जैसा फीचर भी शामिल किया जा सकता है।
Meta ने स्टोरी फीचर्स को लेकर भी बड़ा बदलाव करने की तैयारी की है। अब प्रीमियम यूजर्स अपनी स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक एक्टिव रख पाएंगे। साथ ही हर सप्ताह किसी एक स्टोरी को “स्पॉटलाइट” करने का ऑप्शन मिलेगा, जिससे उस स्टोरी की पहुंच ज्यादा लोगों तक हो सकेगी।
कंपनी ने कुछ खास कॉस्मेटिक फीचर्स भी जोड़े हैं। जैसे कस्टम ऐप आइकन, बायो के लिए नए फॉन्ट्स, एनिमेटेड सुपर हार्ट रिएक्शन और ज्यादा प्रोफाइल पिन करने का फीचर। Meta का मानना है कि युवा यूजर्स को ये कस्टमाइजेशन फीचर्स काफी पसंद आएंगे।
Meta ने सिर्फ सोशल मीडिया ऐप्स तक ही खुद को सीमित नहीं रखा है। कंपनी ने AI आधारित नए प्लान भी लॉन्च किए हैं। Meta One Plus और Meta One Premium नाम के इन प्लान्स में AI इमेज जनरेशन, वीडियो क्रिएशन और लंबे AI टास्क जैसे फीचर्स ज्यादा लिमिट के साथ मिलेंगे।
Meta One Plus की कीमत करीब 7.99 डॉलर यानी लगभग 775 रुपये महीने बताई जा रही है। वहीं Meta One Premium की कीमत करीब 19.99 डॉलर यानी लगभग 1,900 रुपये महीने हो सकती है। इस प्लान में ज्यादा यूज लिमिट और एडवांस फीचर्स दिए जाएंगे।
हालांकि कंपनी ने यह भी साफ किया है कि Meta AI का फ्री वर्जन बंद नहीं होगा। आम यूजर्स पहले की तरह AI चैटबॉट इस्तेमाल कर पाएंगे, लेकिन ज्यादा इस्तेमाल करने वालों को बाद में पेड प्लान लेने की जरूरत पड़ सकती है।
Meta ने क्रिएटर्स और बिजनेस यूजर्स के लिए भी अलग सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं। इन प्लान्स में ज्यादा रीच, बेहतर प्रमोशन और सोशल मीडिया पर ज्यादा विजिबिलिटी जैसे फायदे मिलेंगे। खासतौर पर इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर इन फीचर्स को डिजाइन किया गया है।
Meta के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर बेहतर फीचर्स मिलते हैं तो पैसे देना गलत नहीं है। वहीं कई लोग इसे सोशल मीडिया का “रिचार्ज मॉडल” बता रहे हैं और कह रहे हैं कि अब धीरे-धीरे हर चीज पेड होती जा रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले समय में बिना पैसे दिए सोशल मीडिया इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाएगा? Meta का यह कदम डिजिटल दुनिया में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसका असर करोड़ों यूजर्स की ऑनलाइन लाइफ पर देखने को मिल सकता है।