DESK: विसर्जन के बाद गणेश पंडाल में सो रहे युवकों पर हाई-वोल्टेज बिजली का तार टूटकर गिर गया और करंट की चपेट में आने से 4 युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि तीन युवक गंभीर रूप से झुलकर घायल हो गये। घटना मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुरा गांव की है। जहां इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
वही मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना शुक्रवार की अहले सुबह 4 बजे की है जब विसर्जन के बाद सभी युवक गणेश पंडाल में सोये हुए थे।
बताया जाता है कि अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद समिति के सदस्य और अन्य युवक वापस गांव लौटे थे। रात में खाना खाने के बाद करीब 8 युवक पंडाल में रखे सामान की सुरक्षा के लिए वहीं सो गए। इसी दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर पंडाल पर गिर गया।
करंट की चपेट में आने से 4 युवकों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय जैनू भांवरे, 24 वर्षीय रवि झारिया, 18 वर्षीय कृष्ण कुमार भांवरे, 24 वर्षीय वीरेंद्र भावरें के रूप में हुई है। वहीं तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को पास के अस्पताल में एडमिट कराया गया है, जहां सभी का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया।
पुलिस ने चारों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शवों को मृतक के परिजनों को सौंपा गया। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारवालों के आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद युवक पंडाल में सोने चले गए थे।
इसी दौरान बिजली का तार टूटकर गिरा और करंट फैल गया और पंडाल के नीचे सो रहे चार युवकों की करंट लगने से मौत हो गयी। जबकि तीन युवक करंट में झुलसकर बुरी तरह घायल हो गये। तीनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आखिर हाई वोल्टेज तार कैसे टूटकर पंडाल में गिरा, बिजली कंपनी की टीम भी इसकी जांच कर रही है।