शादियों में मेहमानों को मिठाई, कपड़े या महंगे गिफ्ट देने का चलन तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन महाराष्ट्र की एक शादी इन दिनों पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है। वजह है इस शादी में दिया गया ऐसा “रिटर्न गिफ्ट”, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। यहां दूल्हे के परिवार ने शादी में आए मेहमानों को सिर्फ उपहार नहीं दिया, बल्कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाते हुए पूरे गांव का दुर्घटना बीमा करवा दिया।
यह अनोखी शादी महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के कंधार तालुका स्थित बहादरपुरा गांव में हुई। 20 मई को सिद्धेश्वर पेठकर की शादी थी। शादी में हजारों मेहमान शामिल हुए, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस फैसले की हुई, जिसने पूरे गांव को चौंका दिया।
दरअसल, पेठकर परिवार ने गांव के 3,465 लोगों के लिए 1-1 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा करवाया। यानी पूरे गांव को करीब 34.6 करोड़ रुपये का बीमा कवर मिला। यह पहल इलाके में अपनी तरह की पहली पहल मानी जा रही है। लोग इसे सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस इलाके में खेती-किसानी के दौरान हादसे, सांप काटने और बिजली गिरने जैसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। कई परिवार ऐसे हादसों में अपने प्रियजनों को खो देते हैं, लेकिन आर्थिक मदद या बीमा नहीं होने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए पेठकर परिवार ने यह खास कदम उठाया।
परिवार ने ग्राम पंचायत के नाम पर एक ग्रुप एक्सिडेंट पॉलिसी खरीदी। इसके लिए गांव की मतदाता सूची बीमा कंपनी को सौंपी गई, ताकि गांव के सभी योग्य लोगों को बिना किसी अतिरिक्त कागजी प्रक्रिया के योजना का लाभ मिल सके। यह बीमा एक साल तक वैध रहेगा। बताया जा रहा है कि आगे इसे रिन्यू कराने पर भी चर्चा चल रही है।
हालांकि परिवार ने बीमा पर हुए कुल खर्च की जानकारी सार्वजनिक नहीं की, लेकिन लोगों का कहना है कि उन्होंने जो काम किया है, वह पैसे से कहीं ज्यादा बड़ा है। दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर ने इस बारे में कहा, “हमारी संस्कृति में दान और मदद का दिखावा नहीं किया जाता। हमें किसी तारीफ की जरूरत नहीं है, लोगों का आशीर्वाद ही हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है।”
वहीं दूल्हे के बड़े भाई अनुप पेठकर ने कहा कि उनकी खुशी सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों में आए दिन हादसों में लोगों की जान जाती है और गरीब परिवार पूरी तरह टूट जाते हैं। ऐसे में उन्होंने सोचा कि शादी के जरिए सिर्फ जश्न ही नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षा भी दी जाए।
करीब 4,500 मेहमानों वाली यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी ऐसा अनोखा तोहफा नहीं देखा। गांव निवासी मोहन शेकापुरे ने कहा, “ऐसा लगा जैसे पूरे गांव को किसी ने सुरक्षा की चादर ओढ़ा दी हो। यह सिर्फ एक गिफ्ट नहीं, बल्कि लोगों के भविष्य की चिंता करने वाली सोच है।”
गांव के सरपंच बालिराम पेठकर ने भी इस पहल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आमतौर पर शादियों में लोग मिठाई और सामान बांटते हैं, लेकिन इस परिवार ने पूरे गांव को सुरक्षा देने का काम किया है। उनके मुताबिक यह पहल दूसरे लोगों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।
आज सोशल मीडिया पर भी इस शादी की खूब चर्चा हो रही है। लोग पेठकर परिवार की सोच और समाज के प्रति जिम्मेदारी की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि अगर हर परिवार अपनी खुशियों में समाज को थोड़ा हिस्सा दे, तो कई लोगों की जिंदगी बदल सकती है।