DESK:सीमेंट मिक्सर और ईको कार की सीधी टक्कर में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी जोरदार हुई कि ईको कार के परखच्चे उड़ गये। इस घटना से मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है।


यह दर्दनाक हादसा महाराष्ट्र के कल्याण-अहिल्यानगर हाईवे पर हुई। इस भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा रायते पुल पर हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक ईको कार और सीमेंट मिक्सर की आमने-सामने टक्कर हो गई।


टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस दुर्घटना में कार में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।


मिली जानकारी के अनुसार, ईको कार कल्याण से मुरबाद की ओर जा रही थी। पांच सीटों वाली इस कार में कुल 12 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार के दौरान रायते पुल पर सामने से आ रहे सीमेंट मिक्सर से इसकी सीधी टक्कर हो गई, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।


हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन दुर्घटना की गंभीरता के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।


घटना की सूचना मिलते ही टिटवाला पुलिस और राजमार्ग प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं, जबकि बाकी दो की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है।


इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। साथ ही, इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर मुद्दे को उजागर कर दिया है। अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाता है।