LPG Gas Cylinder Cyber Fraud: अगर आपके घर में भी LPG गैस सिलेंडर का इस्तेमाल होता है, तो सावधान हो जाइए. साइबर ठग अब गैस बुकिंग और सब्सिडी के नाम पर लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं. कभी गैस सब्सिडी बंद होने का डर दिखाया जा रहा है, तो कभी KYC अपडेट करने के बहाने लोगों के मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं. इन मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही लोग साइबर ठगों के जाल में फंस सकते हैं. बढ़ते मामलों को देखते हुए ICICI बैंक ने भी अपने ग्राहकों को इस तरह की ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी है.


दरअसल, अब बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर की बुकिंग, सब्सिडी की जानकारी और KYC अपडेट के लिए ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे हैं. साइबर अपराधी इसी का फायदा उठाकर लोगों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं. ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन करते हैं और कहते हैं कि KYC पूरी नहीं होने के कारण उनकी सब्सिडी बंद हो सकती है या गैस कनेक्शन में परेशानी आ सकती है.


इसके बाद लोगों को WhatsApp या SMS के जरिए एक लिंक भेजा जाता है. उन्हें बताया जाता है कि इस लिंक पर क्लिक करके KYC अपडेट कर लें, ताकि गैस सब्सिडी पहले की तरह मिलती रहे. कई बार लोगों को APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भी कहा जाता है. ऐसी फाइल फोन में मालवेयर इंस्टॉल कर सकती है और निजी जानकारी के साथ बैंकिंग डिटेल भी खतरे में पड़ सकती है.


KYC अपडेट के नाम पर ऐसे फंसाते हैं ठग

साइबर ठग सबसे पहले लोगों को सब्सिडी बंद होने या गैस कनेक्शन में परेशानी आने का डर दिखाते हैं. इसके बाद वे जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने का दबाव बनाते हैं. लोग जब उनकी बातों पर भरोसा कर लेते हैं, तो भेजे गए लिंक पर क्लिक कर देते हैं.


कुछ मामलों में ठग फोन पर ही लोगों से बैंक से जुड़ी जानकारी और OTP मांगने लगते हैं. वहीं, APK फाइल डाउनलोड कराने के जरिए मोबाइल की निजी जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश भी की जाती है. ऐसे में अनजान नंबर से आने वाले फोन, मैसेज और लिंक को लेकर सतर्क रहना जरूरी है.


इन 5 गलतियों से बचें

LPG गैस बुकिंग और सब्सिडी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से बचने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.


साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल

अगर किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी हो जाती है, तो उसे बिना देर किए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए. इसके अलावा केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है.