GUJARAT: गुजरात के थराड के पास भारतमाला हाईवे पर 27 सितंबर की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राजकोट से राजस्थान जा रही Land Rover Discovery अचानक हाईवे पर आए सांड से टकरा गई। जिसके बाद डेढ़ करोड़ की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस घटना में गाड़ी के परखच्चे उड़ गये और कार पर सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 


सांड से टक्कर के बाद डिवाइडर से भिड़ी डेढ़ करोड़ की कार

यह दर्दनाक हादसा थराड-डीसा हाईवे पर मालपुर के पास हुआ। घटना के बारे में बताया जाता है कि तेज रफ्तार में जा रही Land Rover Discovery के सामने अचानक सांड आ गया। ड्राइवर को संभलने का मौका नही मिला कार सीधे सांड से टकराने के बाद डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतना जबरदस्त था कि वहां से गुजर रहे लोग पूरे दृश्य को देखकर हैरान रह गये। डिवाइडर से हुई जोरदार टक्कर में SUV का अगला और साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद गाड़ी का मलबा सड़क पर बिखड़ गया। 


दो लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद एम्बुलेंस को मंगाया गया। लेकिन एम्बुलेंस आने से पहले ही दो युवकों ने दम तोड़ दिया जबकि तीसरा व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर किया गया। Land Rover Discovery का रजिस्ट्रेशन राजकोट का बताया जा रहा है। 


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

हादसे के बाद घटनास्थल से सामने आया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो और तस्वीरों में SUV की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। टक्कर के बाद वाहन का अगला और साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई देता है, जबकि गाड़ी के कई हिस्सों का मलबा सड़क पर बिखरा हुआ नजर आ रहा है।


हाईवे पर आवारा मवेशियों का खतरा

इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर आवारा मवेशियों की मौजूदगी से पैदा होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। तेज रफ्तार वाले हाईवे पर अचानक किसी बड़े जानवर के सामने आ जाने से वाहन चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। ऐसी स्थिति में वाहन को अचानक मोड़ने पर संतुलन बिगड़ने या दूसरे वाहन से टक्कर होने का खतरा भी बढ़ सकता है। यही वजह है कि हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है।