PATNA: पटना के कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर जेल जाएगा या बाहर रहेगा, इसका फैसला आज होगा. खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर आज यानि 20 जून को पटना की जिला अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई होने वाली है।

 क्या है मामला ?

इसी महीने 2 जून की रात पटना के कदमकुआं इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच हुए टकराव के दौरान पथराव और फायरिंग की घटना हुई थी। इस फायरिंग में खान सर के सुरक्षा गार्डों की भूमिका सामने आने के बाद पटना के कदमकुआं थाने में मामला दर्ज किया गया।एफआईआर में फैजल खान को भी आरोपी बनाया गया है। उन पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत आरोप लगे हैं। 


पुलिस का आरोप है कि खान के निर्देश पर उसके गार्डों ने फायरिंग की। पुलिस के समक्ष दिए बयान में खान के बॉडीगार्ड्स ने कहा था कि फैजल खान ने भीड़ पर गोली चलने को कहा था और दावा किया था कि कोई कुछ नहीं बिगाड़ेगा।


अग्रिम जमानत की कहानी

गिरफ्तारी से बचने के लिए फैजल खान ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान अदालत ने 9 जून को अंतरिम राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर 20 जून तक रोक लगा दी थी। साथ ही कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी और खान के आपराधिक इतिहास की जानकारी मांगी थी। आज की सुनवाई में पुलिस अपडेटेड केस डायरी कोर्ट में पेश कर सकती है। इसी के आधार पर अग्रिम जमानत पर फैसला हो सकता है।

गार्ड्स की जमानत याचिका पर भी सुनवाई

आज ही खान सर के दो सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की नियमित जमानत याचिका पर भी सुनवाई होगी। दोनों गार्ड फिलहाल जेल में हैं। उन्होंने पूछताछ में कहा था कि खान के कहने पर फायरिंग की थी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने इन दोनों की जमानत याचिका पर तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया था और केस डायरी मांगी थी।

विवाद की पृष्ठभूमि

2 जून को फैजल खान उर्फ खान सर ने दावा किया था कि ज्ञान बिंदु एकेडमी से जुड़े लोगों ने उनके संस्थान पर हमला किया और फायरिंग की।वहीं पुलिस जांच में खान सर के गार्डों द्वारा फायरिंग का मामला सामने आया।


इस पूरे विवाद में ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद भी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई।


मामला बिहार की कोचिंग इंडस्ट्री की कट्टर प्रतिद्वंद्विता को उजागर करता है। दोनों संस्थान छात्रों की बड़ी संख्या के कारण काफी चर्चित हैं।


आज की सुनवाई अहम:

आज का फैसला फैजल खान की गिरफ्तारी या राहत दोनों ही तय कर सकता है। अगर कोर्ट अग्रिम जमानत दे देता है तो खान सर को तत्काल गिरफ्तारी से राहत मिल जाएगी। पुलिस की भूमिका, केस डायरी और उपलब्ध सबूतों पर आज अदालत गौर करेगी।मामले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।