DESK:उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को श्राद्ध कर्म के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मऊरानीपुर क्षेत्र के रानीपुर कस्बे में सुखनई नदी में पिता-पुत्र और भतीजे समेत एक ही परिवार के 5 सदस्य डूब गए और हादसे में पांचों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है। घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवारवालों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। 


श्राद्ध कर्म के दौरान हुआ हादसा

घटना के संबंध में बताया जाता है कि देवरी सिंहपुरा गांव निवासी 48 वर्षीय अनूप तिवारी मंगलवार को श्राद्ध कर्म के लिए अपने 12 वर्षीय बेटे अर्पित तिवारी, 26 वर्षीय अभिनय तिवारी, 21 वर्षीय श्रेयांश तिवारी और जालौन निवासी 23 वर्षीय पुष्कर शुक्ला के साथ सुखनई नदी के किनारे पहुंचे थे। सभी लोग पूर्वजों को जल अर्पित कर रहे थे।


इसी दौरान अनूप तिवारी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य नदी में उतर गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी गहरे पानी में समा गये।


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

पांच लोगों को नदी में डूबता देख मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। इसके बाद उपजिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज कुमार भारती, सीओ रत्नेश कुमार, कोतवाली प्रभारी मुकेश सोलंकी और रानीपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों ने नदी से शव बरामद किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।