नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र और विभिन्न संगठनों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो साझा किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य को ऐसे कंटेंट को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। कहा गया है कि ऐसे मीम्म और वीडियो को जल्द से जल्द हटाए।
प्रदर्शन के दौरान बनाए गए थे आपत्तिजनक वीडियो
मिली जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा और टिप्पणियों का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को भेजे गए नोटिस
दिल्ली पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी कर ऐसे पोस्ट, वीडियो और टिप्पणियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन और उससे जुड़े घटनाक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ऐसा कंटेंट अपलोड किया गया था, जिसमें कथित रूप से अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
लगातार की जा रही है मॉनिटरिंग
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन समाप्त होने के बाद भी दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए है। आपत्तिजनक या नियमों का उल्लंघन करने वाले कंटेंट की पहचान कर संबंधित प्लेटफॉर्म्स को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया जा रहा है।
कानून के उल्लंघन की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित पोस्ट या वीडियो में किसी कानून का उल्लंघन हुआ है या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या इन पोस्टों से सार्वजनिक व्यवस्था या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।