DESK: लेबनान में चल रहे हवाई हमलों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। LIVE रिपोर्टिंग कर रहे एक पत्रकार पर अचानक मिसाइल हमला हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


बताया जा रहा है कि RT (रशिया टुडे) के ब्रिटिश पत्रकार Steve Sweeney दक्षिणी लेबनान में जमीनी स्थिति की रिपोर्टिंग कर रहे थे। इसी दौरान इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले की चपेट में वे और उनकी टीम आते-आते बच गए।


VIRAL वीडियो में देखा जा सकता है कि स्टीव स्वीनी प्रेस जैकेट पहनकर कैमरे के सामने रिपोर्टिंग कर रहे थे। तभी अचानक आसमान से मिसाइल गिरती है। स्टीव ने समय रहते खतरे को भांप लिया और तुरंत वहां से हट गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि इस हमले में वे और उनके कैमरामैन मामूली रूप से घायल हो गए।


रशिया टुडे ने इस घटना के कई वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि यह हमला सीधे उनके क्रू को निशाना बनाकर किया गया। चैनल के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब उनकी टीम एक सैन्य क्षेत्र के पास से गुजर रही थी।


हमले के बाद सुरक्षित स्थान से वीडियो जारी करते हुए स्टीव स्वीनी ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया, जबकि उन्होंने प्रेस की पहचान वाली जैकेट पहन रखी थी। वहीं, टीम के कैमरामैन अली रिदा ने कहा कि इस घटना ने उन्हें युद्ध की भयावहता का एहसास करा दिया।


इधर, Israel Defense Forces (आईडीएफ) ने बताया कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई के तहत हवाई हमले किए हैं। इजरायल का कहना है कि यह कार्रवाई उस पर हुए रॉकेट हमलों के जवाब में की गई है। मिडिल ईस्ट में जारी इस तनाव के बीच ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्र में हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं।