Train Ticket Booking Tips: भारतीय रेलवे में कंफर्म टिकट पाना आज के समय में किसी चुनौती से कम नहीं है, खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान। ऐसे समय में ट्रेन टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है। IRCTC Rail Connect तत्काल टिकट बुकिंग का विकल्प जरूर देता है, लेकिन इसमें सफलता पाना बेहद मुश्किल होता है क्योंकि कुछ ही सेकेंड में सीटें फुल हो जाती हैं।


इस स्थिति में कई लोग एजेंटों पर निर्भर हो जाते हैं और अतिरिक्त कमीशन भी देना पड़ता है। लेकिन IRCTC का एक आसान फीचर आपकी टिकट बुकिंग को काफी तेज और आसान बना सकता है, जिससे कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है। यह फीचर है “मास्टर लिस्ट”।


क्या है IRCTC मास्टर लिस्ट?

टिकट बुकिंग के दौरान सबसे ज्यादा समय यात्री की डिटेल्स भरने में लग जाता है, जैसे नाम, उम्र, लिंग और बर्थ प्रेफरेंस। इसी देरी की वजह से कई बार टिकट वेटिंग में चला जाता है। मास्टर लिस्ट एक डिजिटल डायरी की तरह काम करता है, जिसमें आप पहले से ही अपने और अपने परिवार या दोस्तों के यात्रियों की डिटेल्स सेव कर सकते हैं। इसमें नाम, जन्मतिथि, आधार या पैन नंबर जैसी जानकारी सेव रहती है। जब बुकिंग शुरू होती है, तो आपको सिर्फ “Select from Master List” पर क्लिक करना होता है और सभी जानकारी खुद-ब-खुद भर जाती है। इससे बुकिंग की स्पीड कई गुना बढ़ जाती है।


मास्टर लिस्ट कैसे बनाएं?

सबसे पहले IRCTC Rail Connect ऐप या वेबसाइट पर लॉगिन करें।

“My Account” सेक्शन में जाएं।

“My Master List” विकल्प पर क्लिक करें।

“Add Passenger” पर जाकर यात्री की जानकारी भरें (नाम, जन्मतिथि, लिंग, बर्थ प्रेफरेंस)।

वेरिफिकेशन के लिए आधार या पैन नंबर दर्ज करें और सबमिट करें।


कैसे करें तेजी से टिकट बुक?

बुकिंग विंडो खुलते ही “Book Now” पर क्लिक करें। पैसेंजर डिटेल्स पेज पर आपको “Select from Master List” का विकल्प मिलेगा। बस यात्रियों को चुनें, डिटेल्स ऑटोमैटिक भर जाएगी और आप सीधे पेमेंट पेज पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं।