DESK: शादी में पिता ने स्कूटी दी, लेकिन पति को कार चाहिए थी। कार की मांग पूरी नहीं हुई तो पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। आरोप है कि आखिरकार पति ने तीन तलाक बोलकर पत्नी से रिश्ता खत्म कर दिया। अब महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।


शादी में पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक स्कूटी दी, लेकिन पति की दहेज की मांग खत्म नहीं हुई। वह लगातार पत्नी पर मायके से कार लाने का दबाव बनाता रहा। कार की मांग पूरी नहीं हुई तो पत्नी को प्रताड़ित करने और तीन तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।


दरअसल, पूरा मामला मध्य प्रदेश के इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाली अमरीन शेख की शादी वर्ष 2022 में उजेफा शेख के साथ हुई थी। अमरीन का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया था।


पीड़िता के मुताबिक, उसका पति लगातार मायके से कार लाने का दबाव बनाता था। दहेज में कुछ नहीं मिलने की बात कहकर उसके साथ मारपीट भी करता था। अमरीन के पिता ने शादी में स्कूटी दी थी, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति कार देने की नहीं थी। इसके बावजूद पति अपनी मांग पर अड़ा रहा और कार नहीं लाने पर उसे साथ नहीं रखने की धमकी देता था।


कार नहीं मिली तो तीन तलाक बोलकर छोड़ा

महिला की शिकायत के अनुसार, जब मायके से कार की मांग पूरी नहीं हुई तो पति ने उसे साथ रखने से इनकार कर दिया। आरोप है कि उसने तीन तलाक बोलकर पत्नी से रिश्ता खत्म करने की बात कही। इसके बाद पीड़िता ने चंदन नगर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।


आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, अमरीन शेख की शिकायत पर पुलिस ने उजेफा शेख के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और तीन तलाक से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।