DESK: ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों के कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रखने का निर्देश दिया है। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। निर्देश के पालन में किसी तरह की छूट नहीं देने की बात कही गई है।


पावर बैंक में विस्फोट की घटना के बाद सख्ती

रेलवे बोर्ड ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि निर्धारित समय के दौरान ट्रेन के कोच में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद नहीं किए गए थे। इसी दौरान चार्जिंग के समय एक यात्री का पावर बैंक धुएं के साथ फट गया।


इस घटना के बाद रेलवे बोर्ड ने चार्जिंग पॉइंट बंद रखने से जुड़े सुरक्षा निर्देशों के अनुपालन को लेकर सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है।


औचक निरीक्षण करेंगे अधिकारी

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को संबंधित कर्मचारियों को निर्देशों के बारे में जागरूक करने और जरूरी प्रशिक्षण देने को कहा है। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को औचक निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी संबंधित कोचों में चार्जिंग पॉइंट बंद रहें।


बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इस आदेश के पालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


यात्रियों को क्या ध्यान रखना चाहिए?

रात में ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निर्धारित समय से पहले चार्ज कर लेना चाहिए। साथ ही, सुरक्षा के लिहाज से क्षतिग्रस्त चार्जर, खराब केबल या संदिग्ध पावर बैंक का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। रेलवे बोर्ड के इस निर्देश का उद्देश्य ट्रेन में चार्जिंग से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करना है।