India Nepal Border Security: नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक हिंसा के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं. सरकार ने कई इलाकों में लगाए गए अनिश्चितकालीन कर्फ्यू में राहत देते हुए अधिकांश क्षेत्रों से प्रतिबंध हटा दिए हैं. हालांकि, देवानगंज ग्रामीण नगर पालिका के कप्तानगंज समेत कुछ संवेदनशील इलाकों में अभी भी सीमित समय के लिए कर्फ्यू लागू है.


कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लोगों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है. हालांकि, सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं अधिक सख्त कर दी गई है. सीमा पार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की फेस स्क्रीनिंग की जा रही है. साथ ही बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है.


नेपाल में हुई हिंसा के बाद तराई क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में नेपाल सशस्त्र पुलिस बल और नेपाली सेना की तैनाती जारी है. प्रशासन ने सुनसरी जिले के कई हिस्सों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है, जबकि कई स्थानों पर पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जुटने पर रोक अब भी लागू है.


नेपाली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सांप्रदायिक हिंसा में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों में जय प्रकाश, ओमप्रकाश मेहता, रविंद्र मेहता और गणेश यादव शामिल हैं. हिंसा के बाद नेपाल सरकार ने विभिन्न पक्षों के साथ सात सूत्रीय समझौता किया है.


समझौते के तहत मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख नेपाली रुपये की आर्थिक सहायता, प्रत्येक परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी और मृतकों को शहीद का दर्जा देने की घोषणा की गई है. नेपाल के गृहमंत्री सुदान गुरुंग ने कई दिनों तक सुनसरी में कैंप कर स्थानीय लोगों से बातचीत की और शांति बहाल करने की दिशा में प्रयास किए.


इस बीच नेपाली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, हिंसा में घायल रविंद्र मेहता की काठमांडू में इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच, शहीद का दर्जा देने और पुलिस फायरिंग की परिस्थितियों की जांच की मांग तेज कर दी है.


बताया जा रहा है कि 26 जुलाई की रात देवानगंज में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-देखते सुनसरी, सप्तरी, सिराहा, धनुषा और पर्सा सहित कई जिलों तक फैल गया था. इसके बाद हुई हिंसा और पुलिस फायरिंग में चार लोगों की मौत की पुष्टि नेपाली मीडिया रिपोर्टों में की गई है.


फिलहाल सीमावर्ती इलाकों में स्थिति सामान्य होती दिख रही है. भारत-नेपाल सीमा पर आवाजाही जारी है और सीमा से लगे बाजारों में भी रौनक लौटने लगी है. वहीं किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीमा पर एसएसबी सहित सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं.