NEW DELHI: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इनमें 13 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जाएंगे। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
स्वीकृत वीरता पुरस्कारों में 9 कीर्ति चक्र, एक शौर्य चक्र बार, 19 शौर्य चक्र, 5 सेना मेडल बार (वीरता), 36 सेना मेडल (वीरता), 3 नौसेना मेडल (वीरता) और 5 वायु सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं।
कीर्ति चक्र प्राप्त करने वाले 9 वीरों में से 7 को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कीर्ति चक्र, अशोक चक्र के बाद शांति काल में दिया जाने वाला भारत का दूसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है, जबकि शौर्य चक्र शांति काल का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार माना जाता है।
9 कीर्ति चक्र पाने वाले वीर
कीर्ति चक्र से सम्मानित होने वालों में लेफ्टिनेंट कर्नल मानियो फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी, हवलदार गजेंद्र सिंह (मरणोपरांत), जगबीर सिंह (मरणोपरांत), जसवंत सिंह (मरणोपरांत), बलविंदर सिंह (मरणोपरांत), तारिक हुसैन (मरणोपरांत), बशीर अहमद (मरणोपरांत) और इंस्पेक्टर सुनील कुमार (मरणोपरांत) शामिल हैं।
मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र ‘बार’
सेना की राजपुताना राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र बार से सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में वह 44 असम राइफल्स में तैनात हैं। इससे पहले जून 2026 में भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान असाधारण वीरता के लिए उन्हें शौर्य चक्र से सम्मानित किया जा चुका है।
शौर्य चक्र से सम्मानित 19 रणबांकुरे
शौर्य चक्र पाने वालों में मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, मेजर केशव कुमार, मेजर गौरव सिंह बृजवाल, मेजर विपीन कुमार, नायब सूबेदार शंकर राम, नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट, हवलदार जगत्तर सिंह, लांस नायक नरेंद्र सिंधु, लांस नायक कपिल देव, सिपाही जसविंदर सिंह, लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार, स्क्वाड्रन लीडर सुधीर कुमार, धीरज सिंह कटोच, अजय सिंह चिब, सुखवीर सिंह, नियाज अहमद, अंजनी कुमार और दीपक साह शामिल हैं।
वीरता पुरस्कारों की पूरी सूची
9 कीर्ति चक्र (7 मरणोपरांत)
1 शौर्य चक्र बार
19 शौर्य चक्र (1 मरणोपरांत)
36 सेना मेडल (वीरता) (5 मरणोपरांत)
5 सेना मेडल बार (वीरता)
3 नौसेना मेडल (वीरता)
5 वायु सेना मेडल (वीरता)