DESK:दिल्ली से सटे हरियाणा के पलवल और गुरुग्राम जिलों में दो शादीशुदा सहेलियों के अपने-अपने घर से चार बच्चों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों महिलाएं दो-दो बच्चों की मां हैं। उनके पतियों ने दावा किया है कि दोनों के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से करीबी संबंध थे और उन्होंने आपस में शादी कर ली है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस दोनों सहेलियों और साथ गये बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। 


मिली जानकारी के अनुसार, पलवल निवासी सन्नी की शादी वर्ष 2020 में बल्लभगढ़ निवासी मंजू से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। सन्नी का कहना है कि 21 अगस्त को मंजू दोनों बच्चों को साथ लेकर बिना बताए घर से चली गई। घर में रखे करीब चार लाख रुपये के सोने के आभूषण भी नहीं मिले। 


इसके बाद सन्नी ने मंजू की सहेली रीना के बारे में जानकारी जुटाई। उसे पता चला कि रीना भी अपने घर से गायब है। रीना की शादी वर्ष 2020 में गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र निवासी वेदपाल से हुई थी। उनके भी दो बच्चे हैं। वेदपाल का आरोप है कि रीना घर से जाते समय कुछ कैश और आभूषण भी अपने साथ ले गई। दोनों महिलाओं के एक ही समय के आसपास अपने-अपने घरों से बच्चों के साथ चले जाने के बाद परिवारों को उनके संबंधों को लेकर संदेह हुआ।


डेढ़ साल से फोन पर बातचीत का दावा

सन्नी के अनुसार, मंजू और रीना बचपन की सहेलियां हैं और दोनों ने 12वीं कक्षा तक साथ पढ़ाई की थी। उसका दावा है कि पिछले करीब डेढ़ साल से दोनों के बीच मोबाइल फोन पर लगातार बातचीत होती थी। परिवार के लोग इसे सामान्य दोस्ती मानते रहे।


दोनों के बच्चों के साथ घर से चले जाने के बाद सामने आई कुछ कथित वॉट्सऐप चैट को लेकर पतियों ने उनके बीच करीबी संबंध होने का संदेह जताया है। परिवार की ओर से चैट में निजी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन चैट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं पति

दोनों महिलाओं के पतियों का कहना है कि उन्हें अपनी पत्नियों के व्यक्तिगत फैसले से आपत्ति नहीं है, लेकिन वे चारों बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि बच्चे जहां भी हों, सुरक्षित रहें और उनका पता चल सके।


अलग-अलग थानों में दर्ज हुई शिकायत

मंजू के लापता होने को लेकर पलवल की भवनकुंड चौकी पुलिस ने सन्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, रीना के पति वेदपाल की शिकायत पर गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र की पुलिस भी उसकी तलाश कर रही है।


पुलिस दोनों महिलाओं और चारों बच्चों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, महिलाओं के बरामद होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे किन परिस्थितियों में घर से गईं, बच्चे उनके साथ हैं या नहीं और उनके आपस में शादी करने के दावे में कितनी सच्चाई है।


भवनकुंड पुलिस चौकी के इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि महिला के लापता होने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला की शादी के संबंध में पुलिस को फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।