DESK: उत्तराखंड के हल्द्वानी में युवक की एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 32 वर्षीय युवक दिल्ली की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहरा हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार, शक्तिवर्धक दवाओं की ओवरडोज लेने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना की सभी बिन्दुओं की जांच कर रही है।
मामला उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित एक होटल का है। जहां गौला गेट राजपुरा निवासी 32 वर्षीय युवक पेशे से डेंटर था और दो बच्चों का बाप भी था। दिल्ली में रहने वाली 30 वर्षीय महिला से कई साल पुरानी उसकी दोस्ती थी।
बताया जाता है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध भी थे। गर्लफ्रेंड अपने ब्यॉयफ्रेंड से मिलने के लिए मंगलवार की शाम में दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची थी। इसके बाद दोनों ने होटल में कमरा लिया। युवक ने इस दौरान शक्तिवर्धक दवाओं का सेवन किया। जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
युवक की हालत बिगड़ने पर महिला ने होटल के कर्मचारियों की मदद से उसे डॉ. सुशीला तिवारी के क्लिनिक में पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। होटल के कमरे से दवाएं भी बरामद की गई हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला भी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में शक्तिवर्धक दवाओं की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस होटल में हुई इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।