ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित जीवाजी क्लब में देश की प्रगति, विश्व शांति और गरीब कल्याण के उद्देश्य से 55वें श्री विद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक जागरण के लिए कार्यरत संत स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के संरक्षण में आयोजित इस महायज्ञ में मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


महायज्ञ का शुभारंभ स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, अनिल शर्मा दादा, शांति शरण गौतम, अर्पित भार्गव सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान

इस अवसर पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि माता ललिता से भारत के वैभव, समृद्धि और विश्व कल्याण की प्रार्थना की जा रही है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक जिले में माता ललिता का महायज्ञ आयोजित हो और नई पीढ़ी सनातन संस्कृति से जुड़े, इसके लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होना चाहिए और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।


नरेंद्र सिंह तोमर बोले..धर्म से जुड़कर ही संभव है लोक कल्याण

मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी देशभर में युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के मार्ग पर चलकर ही समाज और राष्ट्र का वास्तविक कल्याण संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी को संत के साथ-साथ एक समर्पित समाजसेवी भी बताया।


रोहित कुमार सिंह ने युवाओं से किया श्रमदान का आह्वान

युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि भारत माता की प्रतिष्ठा और राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को अधिक से अधिक श्रमदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर बढ़ी है और युवा शक्ति को राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।


बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे मौजूद

महायज्ञ के उद्घाटन समारोह में पूर्व आईएएस बृजमोहन शर्मा, अनिल शर्मा दादा, शांति शरण गौतम, अर्पित भार्गव, अजय पर्पयानी, शेषनाथ तिवारी, मुकेश पांडे, नरोत्तम सिंह बागी, संदीप पांडे, रोहित चौधरी, देवान शुक्ला, शिवपाल यादव, आदित्य चौबे सहित अनेक गणमान्य लोग एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।