DESK: गुजरात के वडोदरा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। मृतकों में 9 साल का एक बच्चा भी शामिल है। हादसा कोटांबी स्टेडियम के पास हुआ, जहां एक स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।


मिली जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी स्लीपर बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी। इसी दौरान वडोदरा में बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।


घटना में घायल हुए सभी यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


हादसे के बाद ट्रक का सामान सड़क पर बिखर गया, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।