DESK: गुजरात में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा कच्छ में हुआ, जहां ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर में एक ही कार में सवार सात लोगों की जान चली गई। मरने वालों में महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल हैं। 


बताया जा रहा है कि सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवार से थे। वहीं, दूसरा हादसा जूनागढ़ में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पलटने के बाद आग का गोला बन गई। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई।


पहला हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे कच्छ में हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें महज तीन महीने की एक बच्ची भी थी। 


बताया जा रहा है कि सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले थे और भुज में तैनात सेना के जवानों के परिजन थे। वे रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद वापस भुज लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे पर यह हादसा हो गया।


हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता और तीन महीने की बेटी शिविका के रूप में हुई है। इनके अलावा राजेश सिंह रावत, उनकी सात साल की बेटी रक्षित, रिंकी गोसाईं और उनकी चार साल की बेटी वामिका की भी मौत हो गई। टक्कर के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे। बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने में कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी।


 वहीं, दूसरी घटना रविवार सुबह करीब पांच बजे जूनागढ़ के केशोद-बालागाम रोड पर घामिडाना गांव के पास हुआ। जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पत्थर से टकरा गई। इसके बाद कार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। कार में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत चार लोग सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि तीन लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू की जलकर मौत हो गई। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 साल बताई जा रही है।


हालांकि, इस हादसे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई। बताया जा रहा है कि वह कार की अगली सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। गुजरात के इन दर्दनाक हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है।


 उन्होंने कच्छ हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। दो अलग-अलग हादसों में 10 लोगों की मौत से गुजरात में शोक का माहौल है। एक हादसे में सेना के जवानों के परिवार उजड़ गए, तो दूसरे हादसे में तीन युवाओं की जान चली गई।