DESK: ग्रेटर नोएडा की एक हाईराइज सोसायटी में भीषण चोरी का मामला सामने आया है। सूरजपुर थाना क्षेत्र के जीटा-वन स्थित एटीएस डोल्से सोसायटी में चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने और कीमती सामान चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान बदमाशों ने फ्लैट में बैठकर शराब भी पी और बाथरूम में गंदगी फैलाकर चले गए। घटना के बाद सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
ग्रेटर नोएडा की एटीएस डोल्से सोसायटी में चोरी की यह वारदात उस वक्त हुई, जब फ्लैट में रहने वाला परिवार दुर्गा पूजा में बिहार के मुंगेर जिले स्थित अपने पैतृक गांव गया हुआ था। पीड़िता अपर्णा झा ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वो अपने परिवार के साथ फ्लैट में ताला लगाकर गांव के लिए रवाना हुई थीं।
22 अक्टूबर की रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर जब सभी परिवार मुंगेर से फ्लैट पर पहुंचे, तब फ्लैट के अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारियां खुली थीं और लॉकर टूटे हुए थे। बाथरूम भी गंदा था। जांच करने पर पता चला कि उनके और उनकी मां के सोने-चांदी के गहने समेत कई कीमती सामान गायब हैं। पीड़ित परिवार ने चोरी हुए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है।
फ्लैट में शराब पी, बाथरूम में भी फैलाई गंदगी
चोरी की इस वारदात में बदमाशों ने सिर्फ गहने और कीमती सामान ही नहीं चुराए, बल्कि फ्लैट के अंदर जमकर उत्पात भी मचाया। पीड़िता के मुताबिक, ड्राइंग रूम में रखी ब्लैक लेबल शराब की बोतल खाली मिली। वहां शराब पीने के लिए इस्तेमाल किए गए गिलास भी पड़े थे।
आरोप है कि बदमाशों ने दोनों बाथरूम का इस्तेमाल किया और वहां गंदगी फैलाकर चले गए। बाथरूम में फ्लश तक नहीं किया गया था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने फ्लैट के अंदर काफी समय बिताया। हालांकि, वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे सोसायटी में कैसे दाखिल हुए, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरडब्ल्यूए और सुरक्षा गार्डों की लापरवाही के कारण इस तरह की वारदात हुई। निवासियों ने नवरात्र के दौरान आयोजित डांडिया कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि कार्यक्रम में बाहरी लोगों को भी प्रवेश दिया गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बदमाश इसी दौरान सोसायटी में दाखिल हुए हों। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा कब तक कर पाती है।