DESK: पति-पत्नी के घरेलू विवाद का असर किस तरह पूरे इलाके पर पड़ सकता है, इसका अनोखा मामला यूपी के गोरखपुर के रामजानकी नगर इलाके में सामने आया। यहां पति-पत्नी के झगड़े के दौरान घर से बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में जाकर फंस गए। इसके कारण बिजली लाइन बार-बार ट्रिप होती रही और इलाके के 1000 से अधिक घरों की बिजली करीब दो घंटे तक गुल रही। बिजली विभाग के कर्मचारियों को फाल्ट का पता लगाने के लिए रात में लाइन की पेट्रोलिंग करनी पड़ी।
रात करीब 9 बजे अचानक गुल हुई बिजली
पूरा मामला रामजानकी नगर इलाके का है। मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक रामजानकी नगर फीडर से जुड़े इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। लाइनमैन ने सप्लाई बहाल करने की कोशिश की, लेकिन बिजली चालू करते ही लाइन बार-बार ट्रिप हो जा रही थी। शुरुआती प्रयासों के बावजूद जब फाल्ट की वजह सामने नहीं आई तो बिजली विभाग की टीम ने फीडर और आसपास की बिजली लाइनों की पेट्रोलिंग शुरू की।
हाईटेंशन तार में फंसे मिले कपड़े
पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों की नजर 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार पर पड़ी। तार में कुछ कपड़े फंसे हुए थे। इसके बाद बिजली कर्मचारियों को बार-बार हो रहे फाल्ट की वजह समझ में आई। जांच और पूछताछ में पता चला कि एक घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। गुस्से में दोनों ने घर के कपड़े बाहर फेंक दिए। इसी दौरान कुछ कपड़े पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरे और तार में फंस गए। कपड़ों के हाईटेंशन तार के संपर्क में आने के कारण बिजली लाइन बार-बार ट्रिप होने लगी। इसका असर आसपास के बड़े इलाके की बिजली आपूर्ति पर पड़ा।
दो घंटे तक अंधेरे में रहे 1000 से अधिक घर
कपड़े तार में फंसे होने के कारण बिजली विभाग की टीम के बार-बार प्रयास के बावजूद सप्लाई सामान्य नहीं हो पा रही थी। करीब दो घंटे तक 1000 से अधिक घरों में बिजली गुल रही। गर्मी के बीच बिजली कटने से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग लगातार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराते रहे।
शटडाउन लेकर हटाए गए कपड़े
फाल्ट का कारण सामने आने के बाद बिजली विभाग की टीम ने सुरक्षा के लिए लाइन का शटडाउन लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक हाईटेंशन तार में फंसे कपड़ों को हटाया और पूरी लाइन की जांच की। कपड़े हटाने और फाल्ट ठीक करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। करीब दो घंटे बाद बिजली लौटने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घरेलू विवाद के दौरान बाहर फेंके गए कपड़े 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में फंस गए थे। इसी वजह से लाइन बार-बार ट्रिप हो रही थी। कपड़े हटाने और फाल्ट ठीक करने के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई।