DESK: गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं की निजता से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन छिपाकर छात्राओं के नहाने और फ्रेश होने के वीडियो बनाए जा रहे थे। एक छात्रा की नजर कैमरा ऑन मोबाइल पर पड़ने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच की, जिसमें कई छात्राओं के वीडियो मिलने की बात सामने आई है। छात्राओं की शिकायत पर महिला वार्डेन के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।


उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से छात्राओं की सुरक्षा और निजता से जुड़ा बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन छिपाकर छात्राओं के नहाने और फ्रेश होने के दौरान वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया है। छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने हॉस्टल की महिला वार्डेन आरती के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की।


बाथरूम में मिला कैमरा ऑन स्मार्ट मोबाइल

मिली जानकारी के मुताबिक, मोहद्दीपुर स्थित इस गर्ल्स हॉस्टल में करीब 20 कमरे हैं, जहां करीब 26 छात्राएं रहकर पढ़ाई करती हैं। 8 सितंबर को हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा फ्रेश होने के लिए कॉमन बाथरूम में गई थी। इसी दौरान उसकी नजर वहां छिपाकर रखे गए एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन पर पड़ी।


छात्रा ने देखा कि मोबाइल का कैमरा ऑन था और उसे टॉयलेट की तरफ करके रखा गया था। इस पर छात्रा ने तुरंत अपने मोबाइल से छिपाए गए फोन का वीडियो बनाया और बाहर आकर अन्य छात्राओं को इसकी जानकारी दी।


पुलिस को डायल 112 पर दी सूचना

बाथरूम में मोबाइल कैमरा मिलने की जानकारी फैलते ही हॉस्टल में हड़कंप मच गया। छात्राओं ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी और डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।


सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला वार्डेन का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की जांच के दौरान उसमें कई छात्राओं के नहाने और फ्रेश होने से जुड़े वीडियो मिले। पुलिस ने मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच शुरू कर दी।


'सेनेटरी पैड इधर-उधर फेंकती थीं, इसलिए कैमरा लगाया'-वार्डेन ने कहा

पूछताछ के दौरान महिला वार्डेन ने मोबाइल बाथरूम में रखने को लेकर सफाई दी। उसका कहना था कि छात्राएं बाथरूम में इधर-उधर सेनेटरी पैड फेंक देती थीं। इसी पर नजर रखने के लिए उसने मोबाइल का कैमरा ऑन करके बाथरूम में रखा था। हालांकि, छात्राओं ने वार्डेन की इस सफाई पर सवाल उठाए हैं। मोबाइल में छात्राओं के वीडियो मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।


छात्राओं की शिकायत पर FIR दर्ज

मामले में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मोहद्दीपुर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की निजता भंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्राओं की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी वार्डेन के खिलाफ कैंट थाने में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।


पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मोबाइल में वीडियो कब से रिकॉर्ड किए जा रहे थे और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।