Supreme Court News: 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषी इरफान सिराज पाडो को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने गंभीर हृदय रोग और जेल में लंबी अवधि बिताने के आधार पर उसकी उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए जमानत दे दी है. इरफान करीब 18 साल से जेल में बंद है.


जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया. अदालत ने इरफान की गंभीर हृदय संबंधी बीमारी और लंबे समय से जेल में रहने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा आधार पर राहत दी है. उसकी मुख्य अपील वर्ष 2018 से सुप्रीम कोर्ट में लंबित है.


सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने अपराध की गंभीरता का हवाला देते हुए मामले के गुण-दोष के आधार पर राहत देने का विरोध किया. हालांकि, सरकार ने इरफान की मेडिकल स्थिति को सही माना और चिकित्सा आधार पर दी जाने वाली राहत पर कोई आपत्ति नहीं जताई.


2002 में हुआ था गोधरा ट्रेन अग्निकांड

दरअसल, 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगा दी गई थी. इस घटना में 58 लोगों की मौत हो गई थी. हादसे के बाद पूरे देश में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी.


इस मामले की सुनवाई के बाद वर्ष 2011 में विशेष अदालत ने 31 लोगों को दोषी करार दिया था. दोषियों को अलग-अलग सजा सुनाई गई थी, जिनमें उम्रकैद की सजा भी शामिल थी.


अब सुप्रीम कोर्ट ने इरफान सिराज पाडो की गंभीर बीमारी और जेल में बिताई गई लंबी अवधि को देखते हुए उसकी सजा निलंबित कर जमानत देने का आदेश दिया है.