DESK: फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार इन दिनों अपनी बहादुरी को लेकर चर्चा में हैं। फ्लाइट FZ1073 में हुई घटना के दौरान घायल होने के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा के लिए डटे रहने वाले कैप्टन स्मित से शनिवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और यूएई के डिप्टी प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद ने मुलाकात की। उन्होंने कैप्टन स्मित के साहस और जिम्मेदारी की सराहना की।
क्राउन प्रिंस ने की कैप्टन स्मित की तारीफ
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने कैप्टन स्मित से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता की मिसाल पेश की है। उन्होंने यूएई के नेतृत्व की ओर से कैप्टन स्मित को सम्मान दिया और जमकर तारीफ की।
क्राउन प्रिंस ने यह भी कहा कि उन्हें गर्व है कि कैप्टन स्मित मच्छार की कहानी यूएई के मूल्यों और देश की कहानी का हिस्सा है। उन्होंने यूएई को शांति, करुणा और जीवन की रक्षा करने वाला देश बताया। तस्वीरों में शेख हमदान कैप्टन स्मित से मुलाकात करते और उन्हें गले लगाते नजर आए।
अजय देवगन ने भी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने भी की। अजय देवगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि कई हीरो होते हैं, लेकिन कुछ लोग असली हिम्मत की मिसाल पेश करते हैं। उन्होंने कैप्टन स्मित को हीरो बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
अजय देवगन इन दिनों अपनी फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। हालांकि, इसे दर्शकों के बीच अभी भी ‘दृश्यम 3’ के नाम से ज्यादा जाना जा रहा है।
शाहरुख और सलमान भी कर चुके हैं तारीफ
अजय देवगन से पहले अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ कर चुके हैं। शाहरुख खान ने स्मित के साहस और यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। वहीं, सलमान खान ने भी सोशल मीडिया पर कैप्टन स्मित की तारीफ करते हुए उनके साहस को सलाम किया था।
फ्लाइट में क्या हुआ था?
रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में एक पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान को हाईजैक करने की कोशिश की। इस दौरान कैप्टन स्मित घायल हो गए, लेकिन उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश जारी रखी।
बताया गया कि उन्होंने ग्राउंड कंट्रोल को हाईजैक कोड भेजा और घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद विमान में मौजूद लोगों को स्थिति नियंत्रित करने में मदद मिली।
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब ले जाया गया। यात्रियों को कुछ समय बाद उनके गंतव्य तक भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कैप्टन स्मित को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकीय अनुमति मिलने के बाद उन्हें अबूधाबी के अस्पताल में शिफ्ट किया गया।
पीएम मोदी से भी हुई थी बातचीत
हाल ही में कैप्टन स्मित मच्छार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बातचीत हुई थी। इस दौरान उन्होंने घटना के बारे में बताया और कहा था कि मुश्किल परिस्थिति में उन्होंने हनुमान चालीसा को याद किया था। फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा दुनियाभर में हो रही है।