DESK: एक शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब सात फेरों की रस्म से ठीक पहले एक महिला पुलिसकर्मी मैरिज होम पहुंच गई। महिला ने दूल्हे को अपना बॉयफ्रेंड बताते हुए उसकी शादी पर आपत्ति जताई। महिला के इस दावे के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं और आखिरकार शादी टूट गई।


मामला उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद स्थित टूंडला इलाके का है। जहां स्टेशन रोड स्थित रॉयल गार्डन मैरिज होम में 24 नवंबर को शादी समारोह आयोजित किया गया था। मैनपुरी जिले के बरनाहल क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के नगला रामकुंवरि जाटऊ निवासी एक युवक से तय हुई थी। दूल्हा उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है।


शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दोनों पक्षों के रिश्तेदार और मेहमान मैरिज होम पहुंच चुके थे। दूल्हा-दुल्हन मंडप में सात फेरे लेने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक महिला सिपाही अचानक मैरिज होम पहुंच गई। उसने दूल्हे को अपना प्रेमी बताते हुए इस शादी पर विरोध जताया।


महिला सिपाही के दावे के बाद दुल्हन पक्ष ने रोकी शादी

महिला के इस दावे से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन पक्ष के लोगों ने महिला की बात सुनने के बाद शादी की रस्में रुकवा दीं। उन्होंने दूल्हे के साथ अपनी बेटी की शादी करने से साफ इनकार कर दिया। कुछ ही देर पहले जहां जश्न का माहौल था, वहां अचानक विवाद और तनाव की स्थिति बन गई।


बताया जा रहा है कि अपना पक्ष रखने के बाद महिला सिपाही मैरिज होम से चली गई, लेकिन तब तक दुल्हन पक्ष शादी नहीं करने का फैसला ले चुका था। दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।


थाने में हुई पंचायत, लौटाई गई शादी की तैयारी में खर्च रकम

घटना की जानकारी मिलने पर टूंडला पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को थाने बुलाया, जहां रिश्तेदारों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। समझौते के तहत दूल्हे के परिवार ने शादी की तैयारियों में दुल्हन पक्ष की ओर से खर्च की गई रकम वापस कर दी। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई और विवाद समाप्त हो गया।


पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की किसी की पहचान

इस मामले में पुलिस ने दूल्हे, दुल्हन और आरोप लगाने वाली महिला सिपाही की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। समझौता होने के बाद पुलिस की ओर से भी मामले में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।


इस तरह जिस शादी में दूल्हा-दुल्हन सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले थे, वहां महिला सिपाही के प्रेम संबंध के दावे ने पूरा घटनाक्रम बदल दिया। आखिरकार सात फेरों से पहले ही शादी टूट गई और थाने में हुए समझौते के बाद मामला शांत हुआ।