Delhi Building Collapse: दिल्ली में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।



घटना मोती बाग के सत्य निकेतन में शिव मंदिर के पास की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फायर विभाग को दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद करीब 12 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।



फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल लगातार मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 2 से 3 लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।



बताया जा रहा है कि जिस इमारत का हिस्सा ढहा, उसमें पीजी संचालित हो रहा था। ऐसे में मलबे में कई छात्रों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीमों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में मदद कर रहे हैं।



लगातार बारिश के बीच राहत और बचाव कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं। बचाव दल सावधानीपूर्वक मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस और फायर विभाग की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की है। हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं, इसकी पूरी जानकारी रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।