Narendra Modi Chalisa: दिल्ली में गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताते हुए उनकी पूजा की गई और उनके नाम पर तैयार की गई ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ का पाठ किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के अधीन आने वाले किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



राजन सिंह वही हैं, जिन्होंने हाल ही में पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर मंदिर बनाने की घोषणा की थी। पटना में मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले ही उन्होंने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ का पाठ किया।



राष्ट्रीय राजधानी के प्रेस क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में आयोजकों ने ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ प्रस्तुत करने के साथ उसका पाठ भी किया। मंच पर भगवान श्रीराम की तस्वीर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा लगाकर बनाई गई एक तस्वीर भी रखी गई थी।



राजन सिंह पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान श्रीराम का अवतार बता चुके हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘नमह भारत’ नाम की संस्था की ओर से किया गया था। इससे पहले बिहार किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष डॉ. राजन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताते हुए पटना में उनके नाम पर मंदिर बनाने की घोषणा की थी।



राजन सिंह ने मंदिर निर्माण के पीछे की वजह बताते हुए कहा था कि केंद्र सरकार के ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन एक्ट के बाद किन्नर समाज को कई अधिकार मिले हैं। उनका दावा था कि इसी वजह से बिहार में किन्नर समुदाय के लोग पुलिस, होमगार्ड, डॉक्टर और इंजीनियर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।



उन्होंने बताया था कि बिहार राज्य किन्नर समाज कल्याण बोर्ड की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित मंदिर बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। उनके अनुसार, 29 जुलाई को हुई बोर्ड की बैठक में निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया था।



राजन सिंह के मुताबिक, प्रस्तावित मंदिर के निर्माण पर करीब 112 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसके लिए लगभग 5 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। जमीन आवंटन के लिए प्रस्ताव बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय को भेजे जाने की बात कही गई थी।



उन्होंने कहा था कि जमीन मिलने के बाद मंदिर का शिलान्यास और निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण में आर्थिक कमी आने पर किन्नर समाज की ओर से सोने-चांदी की वस्तुओं का दान करने की भी बात कही गई थी। सिंह ने यह भी कहा था कि मंदिर का शिलान्यास मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।



वहीं, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने अपने परिसर में हुए ‘भगवान नरेंद्र मोदी चालीसा’ कार्यक्रम से खुद को अलग कर लिया है। क्लब ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम का आयोजन उसकी ओर से नहीं किया गया था। प्रेस क्लब के मुताबिक, एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए हॉल किराए पर लिया था, लेकिन बाद में किराए की शर्तों का उल्लंघन करते हुए वहां अलग तरह की गतिविधि शुरू की गई। इसकी जानकारी मिलते ही क्लब के अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को रुकवा दिया।