राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी क्षेत्र के मुकुंदपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक घर में गैस सिलेंडर फटने से पूरा मकान ढह गया। हादसे के बाद कई लोग मलबे में दब गए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। अब तक मलबे से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।


दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 9:37 बजे मुकुंदपुर-II के इशु विहार की गली नंबर-1 में जोरदार धमाके और मकान गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत पांच फायर टेंडर घटनास्थल पर भेजे गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, LPG सिलेंडर फटने से लगभग 250 वर्ग गज में बना एक मंजिला मकान पूरी तरह ढह गया।


घटनास्थल पर पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक निकाले गए छह लोगों में दो को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, इस मकान में कुछ मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते थे। फिलहाल राहत की बात यह है कि और लोगों के फंसे होने की संभावना कम बताई जा रही है, हालांकि मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है।