DELHI: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शनिवार को जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान पुलिस की सख्त घेराबंदी के बीच बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। पार्टी का दावा है कि करीब 3,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें कई नेता और संगठन के कार्यकर्ता भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। पार्टी ने SIR और फॉर्म-6 की प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके भी हिरासत में
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके साथी कार्यकर्ता सौरभ दास तथा आशुतोष रांका को शनिवार को नई दिल्ली पहुंचने पर विमान के अंदर से ही हिरासत में लिया गया। इसी बीच दीपके की दादी का निधन हो गया।
प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार समेत कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शनिवार को पुलिस की सख्त घेराबंदी के कारण जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन कई छोटे समूहों में बंट गया। मिली जानकारी के मुताबिक, शाम पांच बजे तक करीब 3,000 लोगों को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली में करीब 25,000 पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से बल प्रयोग नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।
छात्रों ने भूख हड़ताल का किया ऐलान
प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए छात्रों के समर्थन में राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम ने स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं के साथ नांगलोई स्टेडियम में भूख हड़ताल की घोषणा की। बताया गया है कि स्टेडियम में करीब 300 छात्रों को हिरासत में रखा गया था।
प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई और माफी की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने उन मोबाइल फोन और बैगों को लौटाने की मांग भी की, जिन्हें पुलिस द्वारा जब्त किए जाने का आरोप लगाया गया है।
फिर जंतर-मंतर कूच करेगी CJP
CJP की ओर से अगले दिन फिर रविवार को जंतर-मंतर की ओर कूच करने और पार्टी के नए कप्तान के ऐलान की बात कही गई है। वहीं, सोमवार को INDIA गठबंधन की ओर से भी प्रदर्शन किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में दिल्ली में आने वाले दिनों में राजनीतिक विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा व्यवस्था पर सबकी नजर रहेगी।