DESK: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी अपने एक LIVE शो को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल उत्तराखंड के टिहरी जिले के नरेंद्र नगर में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सिंगर दलेर मेहंदी पर भड़क गए। मंत्री ने मंच पर ही उनकी फटकार लगाते हुए कहा कि जब वह ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं, तो गाना कैसे गाएंगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी जब अपनी टीम के साथ लाइव परफॉर्मेंस दे रहे थे। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके गायन पर नाराजगी जताई। मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी शराब के नशे में हैं और दर्शकों का मनोरंजन ठीक से नहीं कर पा रहे हैं।
मंत्री ने मंच पर कहा कि इतने पैसे देकर उन्हें लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं। उन्होंने दलेर मेहंदी से कहा कि उन्हें अपने बड़े नाम और प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए।
मंत्री की नाराजगी के बाद फिर शुरू की प्रस्तुति
मंच पर हुई इस बहस के बाद दलेर मेहंदी ने कार्यक्रम जारी रखने की बात कही और दोबारा गाना शुरू किया। उन्होंने राम-राम भजन प्रस्तुत किया, जबकि उनकी टीम भी उनका साथ देती रही।
सोशल मीडिया पर उठे सवाल
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने मंत्री की नाराजगी का समर्थन किया, तो कुछ ने दलेर मेहंदी का पक्ष लेते हुए उनकी सेहत का हवाला दिया।
एक यूजर ने दावा किया कि दलेर मेहंदी को कुछ साल पहले पैरालिसिस अटैक आया था, जिसके बाद से उन्हें बोलने और गाने में परेशानी हो सकती है। हालांकि, इस दावे और कार्यक्रम के दौरान शराब पीने के आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।