Social Media Trend: सोशल मीडिया पर इन दिनों “कॉकरोच जनता पार्टी” लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। सीजेआई सूर्यकांत के एक बयान के बाद चर्चा में आई इस काल्पनिक राजनीतिक अवधारणा ने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली। दावा किया जा रहा है कि इसने फॉलोअर्स के मामले में कई प्रमुख राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया।


हालांकि, सरकार द्वारा इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए कुछ प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉक करने के आदेश दिए जाने की भी बात सामने आई है। इसके बाद इसके फाउंडर अभिजीत दीपके ने नया अकाउंट बनाकर फिर से इसे सक्रिय कर दिया, जिससे बड़ी संख्या में यूजर्स जुड़ रहे हैं। इस पार्टी का मुख्य फोकस युवाओं पर बताया जा रहा है, जिसमें बेरोजगारी, छात्र मुद्दे और युवा वर्ग से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जा रही है।


इसी बीच, पाकिस्तान में भी इसी तरह के सोशल मीडिया अकाउंट्स सामने आने लगे हैं, जहां “कॉकरोच अवामी लीग”, “कॉकरोच अवामी पार्टी” और “मुत्तहिदा कॉकरोच मूवमेंट” जैसे नामों से पेज बनाए जा रहे हैं।


इन अकाउंट्स के बायो में लिखा जा रहा है कि यह युवाओं के लिए एक राजनीतिक मंच है, जो सिस्टम से उपेक्षित लोगों की आवाज बनना चाहता है। कुछ प्रोफाइल्स में यह भी दावा किया गया है कि जिन्हें सिस्टम ने कॉकरोच समझा, हम उन्हीं की आवाज हैं। इन अकाउंट्स के लोगो में कॉकरोच का प्रतीक भी शामिल किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ये सोशल मीडिया अभियान वास्तविक राजनीतिक आंदोलन में बदलेंगे या केवल डिजिटल प्लेटफॉर्म तक ही सीमित रहेंगे।


भारत में इस ट्रेंड की शुरुआत उस समय हुई जब सीजेआई सूर्यकांत के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया ने उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। इसके बाद अमेरिका में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” की शुरुआत की, जो तेजी से वायरल हो गई। कुछ ही समय में इस अकाउंट को भारी लोकप्रियता मिली और इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स कथित तौर पर लाखों से बढ़कर करोड़ों तक पहुंच गए।