बड़े शहरों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में अब शॉपिंग का तरीका तेजी से बदलता नजर आ रहा है। जहां पहले लोगों को खरीदारी के दौरान भारी बैग उठाने, दुकानों के बाहर लंबी लाइन में खड़े होने और भीड़ में घंटों परेशान होना पड़ता था, वहीं अब एक नई सेवा लोगों को बड़ी राहत दे रही है। राजधानी दिल्ली के मशहूर लाजपत नगर मार्केट में इन दिनों ‘CarryMen’ नाम की एक अनोखी सेवा काफी चर्चा में है। इस सेवा के जरिए लोग सिर्फ 149 प्रति घंटे देकर अपना पर्सनल असिस्टेंट बुक कर सकते हैं।
दिल्ली के लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और चांदनी चौक जैसे बाजारों में हर दिन हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। खासकर त्योहारों, शादी के सीजन और वीकेंड पर यहां इतनी भीड़ हो जाती है कि लोगों के लिए सामान संभालना और आराम से खरीदारी करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में CarryMen नाम की यह सेवा लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।
इस सेवा के तहत ग्राहक को एक हेल्पर दिया जाता है, जो शॉपिंग के दौरान हर समय उसके साथ रहता है। यह हेल्पर ग्राहकों के बैग उठाने, दुकानों के बाहर लाइन में लगने, खाने-पीने की जगह ढूंढने और जरूरत पड़ने पर मेट्रो स्टेशन या पार्किंग तक सामान पहुंचाने का काम करता है। कई बार ज्यादा भीड़ होने पर ग्राहकों को बैठने में परेशानी होती है, ऐसे में हेल्पर फोल्डिंग चेयर तक की व्यवस्था कर देता है।
बताया जा रहा है कि इस सेवा का सबसे ज्यादा इस्तेमाल महिलाएं, बुजुर्ग, छोटे बच्चों के साथ शॉपिंग करने वाले परिवार और बाहर से दिल्ली घूमने आए लोग कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि इस सुविधा से अब बिना थके आराम से घंटों शॉपिंग की जा सकती है।
सोशल मीडिया पर भी यह सर्विस तेजी से वायरल हो रही है। लोग इसके वीडियो शेयर कर रहे हैं और इसे स्मार्ट बिजनेस आइडिया बता रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि बड़े शहरों की भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसी सुविधाएं अब जरूरत बनती जा रही हैं। वहीं कुछ लोग इसे लग्जरी सर्विस भी बता रहे हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों की राय सकारात्मक नजर आ रही है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि मेट्रो शहरों में बढ़ती भीड़, पार्किंग की समस्या और समय की कमी के कारण ऐसी हाइपर-लोकल सेवाओं की मांग आने वाले समय में और बढ़ सकती है। उनका कहना है कि जिस तरह ऑनलाइन फूड डिलीवरी और कैब सर्विस लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई, उसी तरह पर्सनल शॉपिंग असिस्टेंट जैसी सेवाएं भी धीरे-धीरे आम हो सकती हैं।
CarryMen जैसे स्टार्टअप्स सिर्फ सुविधा ही नहीं दे रहे, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं। इस सेवा से जुड़े कई युवक बाजारों में लोगों की मदद कर कमाई कर रहे हैं। खास बात यह है कि ग्राहकों को घंटों भीड़ में परेशान नहीं होना पड़ता और वे आराम से खरीदारी कर पाते हैं।
अब लोग इसे शॉपिंग का नया ट्रेंड भी कहने लगे हैं। माना जा रहा है कि अगर यह मॉडल सफल रहा, तो आने वाले दिनों में दिल्ली के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में भी ऐसी सेवाएं तेजी से शुरू हो सकती हैं।