Terrorist Encounter: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के ऊपरी इलाकों में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। यूसमर्ग इलाके में हुई इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी कमांडर को मार गिराया है। आतंकी की पहचान यासिर के रूप में बताई जा रही है।



जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को यूसमर्ग इलाके में आतंकियों की मौजूदगी का इनपुट मिला था। इसके बाद आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाशी अभियान के दौरान ही सुरक्षाबलों का आतंकियों से सामना हो गया और मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान यासिर मारा गया।



बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन स्पेशल फोर्सेज और 53वीं राष्ट्रीय राइफल्स (53 RR) के संयुक्त अभियान के तहत चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियां यासिर की गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थीं।



रिपोर्ट के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर-ए-तैयबा के सुलेमान मूसा ग्रुप का हिस्सा था, लेकिन करीब एक साल पहले वह इस ग्रुप से अलग हो गया था। इसके बाद वह कथित तौर पर अलग रहकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।



इलाके में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, जो बाद में मुठभेड़ में बदल गया। ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी कमांडर यासिर को ढेर कर दिया गया। सुरक्षाबलों की ओर से इलाके में तलाशी अभियान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।