DESK: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शादी समारोह के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा एक दूसरी युवती को लेकर कमरे में चला गया। यह देखकर दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। 


दोनों पक्षों के लोगों ने दुल्हन को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। आखिरकार मामला थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग भी कराई। हालांकि, देर रात तक कोई समाधान नहीं निकल सका और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।


दरअसल, फिरोजाबाद के गोपाल मैरिज होम में शादी समारोह आयोजित किया गया था। दुल्हन का परिवार एटा से शादी के लिए फिरोजाबाद पहुंचा था, जबकि दूल्हा पक्ष स्थानीय निवासी है। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। जयमाला की रस्म भी धूमधाम से संपन्न हुई।


लेकिन इसके बाद कुछ ऐसा हुआ, जिसने शादी की खुशियों को हंगामे में बदल दिया। दुल्हन का आरोप है कि जयमाला के बाद दूल्हा एक दूसरी युवती को लेकर मैरिज होम के कमरे में चला गया। वहां वह युवती के साथ फोटो खिंचवाने लगा। आरोप है कि कुछ देर बाद दूल्हे ने कैमरामैन को भी कमरे से बाहर कर दिया और करीब आधे घंटे तक युवती के साथ कमरे में अकेला रहा।


दुल्हन को दूल्हे की यह हरकत नागवार गुजरी। उसने तुरंत शादी करने से इनकार कर दिया। परिवार और रिश्तेदारों ने उसे मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुई।


थाने पहुंचा मामला, नहीं बनी बात

हंगामा बढ़ने के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पुलिस ने दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों को बुलाकर समझाने और काउंसलिंग कराने की कोशिश की। लेकिन काफी देर तक चली बातचीत के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।


दूल्हे ने दी सफाई

वहीं, दूल्हे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। उसका कहना है कि कमरे में गई युवती उसके दोस्त की बहन थी, जो गुड़गांव में काम करती है और कासगंज में रहती है। वह उसे सिर्फ यह बताने आई थी कि अब वह वापस जा रही है। दूल्हे ने कमरे का दरवाजा बंद करने और कैमरामैन को बाहर निकालने के आरोपों से भी इनकार किया। फिलहाल, दुल्हन के शादी से इनकार करने के बाद बारात बिना शादी किए ही वापस लौट गई।