DESK: देश के प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स में शामिल बिसलेरी की गुणवत्ता को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में बिसलेरी के पानी के एक सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।
दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद संबंधित बैच की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
जलपाईगुड़ी प्लांट से लिया गया था सैंपल
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जुलाई 2026 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा स्थित बिसलेरी प्लांट से पानी का सैंपल लिया था। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
प्राथमिक लैब की जांच में सैंपल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके बाद सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया, जहां दूसरी जांच में भी पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई।
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद 12 अगस्त 2026 को संबंधित बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति भी जारी की गई है।
प्रभावित बैच का विवरण
बैच नंबर: PB 201
निर्माण तिथि: 20 जुलाई 2026
एक्सपायरी डेट: 19 जनवरी 2027
देशभर में अन्य वाटर ब्रांड्स की भी जांच
बिसलेरी के पानी के सैंपल में बैक्टीरिया मिलने का मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, लोगों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देशभर में अन्य पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड्स के सैंपल भी जांच के लिए लिए जा रहे हैं। विभाग की ओर से बड़े पैमाने पर गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
उपभोक्ता बरतें सावधानी
खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपभोक्ताओं को पानी की बोतल खरीदने से पहले उस पर दर्ज बैच नंबर और निर्माण तिथि की जांच करने की सलाह दी गई है। यदि किसी के पास बैच नंबर PB 201 और 20 जुलाई 2026 की निर्माण तिथि वाली बिसलेरी की बोतल है, तो उसका सेवन न करें। साफ और सुरक्षित पेयजल के लिए बोतल की सील, पैकेजिंग और उस पर दर्ज जरूरी विवरण की भी जांच जरूर करें।