Bihar Toll Tax News: बिहार और झारखंड में सड़क से सफर करने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर है. दोनों राज्यों के 18 जिलों में 50 से 55 प्रमुख रूटों पर नए टोल प्लाजा बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है. खास बात यह है कि इन टोल प्लाजा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से लैस किया जाएगा. इससे वाहन चालकों को टोल बूथ पर लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा और फास्टैग के जरिए अपने आप टोल टैक्स कट जाएगा.
बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से इसके लिए रोडमैप तैयार किया गया है. दोनों राज्यों में स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे के रखरखाव के साथ राजस्व जुटाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है.
AI कैमरे और नंबर प्लेट से होगी वाहनों की पहचान
नए टोल प्लाजा पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कैमरे और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक लगाई जाएगी. इसके साथ सेंसर और हाई स्पीड RFID रीडर की मदद से वाहनों की पहचान की जाएगी. वाहन चालकों को टोल पर लंबे समय तक रुकने की जरूरत नहीं होगी और फास्टैग वॉलेट से निर्धारित टोल राशि अपने आप कट जाएगी.
इस व्यवस्था से टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही वाहनों के ईंधन और समय की बचत होगी. टोल वसूली की प्रक्रिया भी पहले से अधिक पारदर्शी बनाने की तैयारी है.
दोपहिया और ट्रैक्टर को टोल से मिलेगी छूट
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत दोपहिया वाहनों, ट्रैक्टर और स्थानीय कृषि वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त रखने की बात कही गई है. वहीं कमर्शियल वाहनों और निर्धारित श्रेणी के निजी चारपहिया वाहनों से टोल वसूली की जाएगी.
भागलपुर, पूर्णिया और बांका में पहले चरण की तैयारी
पहले चरण में बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, बांका और जहानाबाद के अलावा झारखंड के देवघर जिले के प्रमुख मार्गों पर टोल प्लाजा का निर्माण और संचालन शुरू करने की तैयारी है.
भागलपुर-बांका, सुल्तानगंज-देवघर और घोघा-पंजवारा जैसे महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे पर टोल वसूली की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है. वहीं जहानाबाद-पार्वती पथ और नालंदा-नवादा से जुड़े कॉरिडोर पर भी आधुनिक टोल प्लाजा तैयार किए जा रहे हैं.
पूर्णिया-सहरसा NH पर जनवरी से टोल टैक्स की तैयारी
पूर्णिया से मधेपुरा होते हुए बैजनाथपुर (सहरसा) तक नेशनल हाईवे-231 पर भी वाहन चालकों को टोल टैक्स देना होगा. इस सड़क का पुराना नंबर NH-107 है. करीब 88 किलोमीटर लंबे पूर्णिया-मधेपुरा मार्ग का निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है.
इस मार्ग पर दो रेल ओवरब्रिज (ROB) और एक फ्लाईओवर का निर्माण अभी जारी है. इनका काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद जनवरी से इस हाईवे पर टोल टैक्स वसूली शुरू करने की तैयारी है.
पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा बनकर तैयार है. वहीं सहरसा-पूर्णिया मार्ग पर बेलाचंद के पास भी टोल प्लाजा निर्माण का काम अंतिम चरण में है.
पूर्णिया-मधेपुरा एनएच के चौड़ीकरण और विस्तार का काम NHAI के पूर्णिया प्रोजेक्ट डायरेक्टर की देखरेख में कराया जा रहा है. इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई थी.