Bihar New Bus Routes: बिहार के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. राज्य से झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लिए 2500 से अधिक नई बसें चलाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए बिहार परिवहन विभाग ने करीब 300 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस परिचालन के परमिट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. नई बसें चलने से बिहार के अलग-अलग शहरों का दूसरे राज्यों से सड़क संपर्क बढ़ेगा और यात्रियों को आने-जाने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे.
परिवहन विभाग ने इच्छुक बस मालिकों से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं. आवेदन की हार्ड कॉपी 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक राज्य परिवहन प्राधिकार के कार्यालय में जमा करनी होगी. परमिट के आवेदनों पर विचार करने के लिए 29 दिसंबर को प्राधिकार की बैठक निर्धारित की गई है.
झारखंड के लिए सबसे ज्यादा 2000 बसों की तैयारी
बिहार से झारखंड के बीच सबसे अधिक बसों के परिचालन की योजना बनाई गई है. दोनों राज्यों के बीच करीब 2000 नई बसों के परमिट दिए जाने हैं. इसमें पटना से रांची के बीच सबसे ज्यादा 458 बसें चलाने का प्रस्ताव है.
इसके अलावा पटना-टाटा मार्ग पर 153, पटना-देवघर मार्ग पर 119, पटना-गिरिडीह मार्ग पर 97 और पटना-दुमका मार्ग पर 92 बसों के परमिट दिए जाएंगे.
झारखंड के लिए केवल पटना से ही नहीं, बल्कि बिहार के कई दूसरे शहरों से भी बसें चलाने की योजना है. इसमें बिहारशरीफ, आरा, सासाराम, बक्सर, गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, मुंगेर, बेगूसराय, छपरा, खगड़िया, सिवान, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, भागलपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार और राजगीर जैसे शहर शामिल हैं.
बंगाल और ओडिशा के लिए 350 से अधिक बसें
पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए करीब पांच दर्जन मार्गों पर 350 से अधिक बसें चलाने की तैयारी है. इसमें ओडिशा के लिए 240 से अधिक और पश्चिम बंगाल के लिए 130 से अधिक बसों के परमिट दिए जाने हैं.
पश्चिम बंगाल के लिए पूर्णिया-कोलकाता, कटिहार-रामपुरहाट, सुल्तानगंज-मालदा, भागलपुर-रामपुरहाट वाया दुमका, दरभंगा-सिलीगुड़ी, मोतिहारी-सिलीगुड़ी और भागलपुर-दुर्गापुर जैसे मार्गों पर बसें चलाने का प्रस्ताव है.
वहीं ओडिशा के लिए पटना-बालासोर, बिहारशरीफ-बारीपदा, पटना-भुवनेश्वर, पटना-रायरंगपुर, भागलपुर-राउरकेला, गया-सुंदरगढ़, औरंगाबाद-ब्रह्मपुर और गया-भुवनेश्वर जैसे मार्गों पर बस परिचालन के परमिट दिए जाएंगे.
यूपी के पांच शहरों के लिए चलेंगी 60 से अधिक बसें
उत्तर प्रदेश के लिए बिहार से एक दर्जन से अधिक मार्गों पर 60 से ज्यादा बसें चलाने की योजना है. इनमें पटना-वाराणसी, पटना-बलिया, देवरिया-पटना, वाराणसी-डेहरी, भभुआ-चंदौली, पटना-गोरखपुर और भभुआ-वाराणसी जैसे मार्ग शामिल हैं.
इन बसों के परिचालन से बिहार के यात्रियों को वाराणसी, गोरखपुर, देवरिया, बलिया और आजमगढ़ समेत यूपी के कई शहरों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे.
छत्तीसगढ़ के लिए दो दर्जन रूटों पर बसें
छत्तीसगढ़ के लिए भी करीब दो दर्जन मार्गों पर 50 से अधिक बसों को परमिट देने की तैयारी है. इसमें अंबिकापुर-बोधगया, राजगीर-जशपुर, आरा-अंबिकापुर, पटना-जशपुर, भागलपुर-कुनकुरी, बिहारशरीफ-अंबिकापुर और सिवान-जशपुर जैसे मार्ग शामिल हैं.
परिवहन विभाग की इस योजना के तहत पांच राज्यों के करीब 300 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस परिचालन का विस्तार किया जाना है. परमिट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिहार के कई शहरों से दूसरे राज्यों के लिए नई बस सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ होगा.