DESK: पत्नी को महंगी गाड़ियों में घूमने का शौक था और पति की कमाई इतनी नहीं थी कि वह उसका यह शौक पूरा कर सके। आखिरकार पति ने ऐसा कदम उठाया कि पुलिस भी हैरान रह गई। 


भोपाल में एक कार शोरूम के कर्मचारी ने अपने ही शोरूम से करीब 23 लाख रुपये की फॉक्सवैगन वर्टस GT कार चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि चोरी की गई कार में उसकी पत्नी घूम रही थी। हालांकि, कार में लगे GPS ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।


दरअसल, आरोपी की पहचान गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से होशंगाबाद का रहने वाला है और भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में किराए के मकान में रहता है। आरोपी जेके रोड स्थित फॉक्सवैगन कार शोरूम में करीब एक साल से नौकरी कर रहा था। शोरूम में काम करने के कारण उसे गाड़ियों की आवाजाही और वहां की व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने कार चोरी की योजना बनाई।


पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात आरोपी ग्राहक के नाम पर बुक की गई करीब 23 लाख रुपये की फॉक्सवैगन वर्टस GT कार लेकर शोरूम से फरार हो गया। शुरुआत में शोरूम प्रबंधन को इसकी जानकारी नहीं हुई, लेकिन स्टॉक मिलान के दौरान कार गायब मिली। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।


CCTV में चेहरा नहीं दिखा, GPS ने पकड़वाया

जांच के दौरान शोरूम के CCTV फुटेज में आरोपी का चेहरा साफ नहीं दिखा। ऐसे में पुलिस को उसकी पहचान करने में परेशानी हो रही थी। लेकिन कार में लगे GPS सिस्टम ने पुलिस को अहम सुराग दे दिया।


शुक्रवार रात चोरी की कार की लोकेशन नर्मदापुरम रोड स्थित आशिमा मॉल के पास मिली। पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो कार आरोपी की पत्नी चला रही थी। पुलिस को देखते ही आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।


इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो शोरूम कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की भूमिका सामने आई। पूछताछ में पत्नी को महंगी कारों का शौक होने और उसे पूरा करने के लिए कार चोरी करने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है।


आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है। चोरी की गई फॉक्सवैगन वर्टस GT कार बरामद कर ली गई है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही आरोपी की पत्नी को कार चोरी होने की जानकारी थी या नहीं, इस संबंध में भी उससे पूछताछ की जाएगी।