DESK:मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान 17 वर्षीय BCA छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना शुक्रवार की रात 9 बजे की है जब जेएच कॉलेज के विसर्जन जुलूस में छात्रा शामिल थी। इस दौरान वो अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में उसे पास के अस्पाल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत इलाज के क्रम में मौत हो गयी। डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहागपुर निवासी नितेश वर्मा की पुत्री 17 वर्षीया प्रतीक्षा वर्मा के रूप में हुई है। प्रतीक्षा बैतूल के विकास नगर इलाके में किराए के मकान में रहती थी, वही रहकर वह जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज मे भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गयी थी, उसके विसर्जन जुलूस में वो शामिल हुई थी, तभी तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी अस्पताल में मौत हो गयी. इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने DJ की तेज आवाज पर उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने विसर्जन जुलूस में बज रहे तेज DJ साउंड को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अत्यधिक तेज आवाज के कारण प्रतीक्षा की तबीयत बिगड़ी और उसके दिल पर असर पड़ा। हालांकि, छात्रा की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। डॉक्टरों और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
DJ साउंड के ध्वनि स्तर की होगी जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जुलूस में इस्तेमाल किए गए DJ साउंड सिस्टम और उसके ध्वनि स्तर की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यदि जांच में निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण या संबंधित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो आयोजकों और DJ संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।