Viral News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मैरिज लॉन में शादी समारोह के दौरान मेहमानों को कथित तौर पर कुत्ते के बर्तन में खाना परोस दिया गया। बर्तन के बाहरी हिस्से पर कुत्तों के पंजों के निशान देखकर मेहमान भड़क गए और मैरिज लॉन में जमकर हंगामा किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक मैरिज लॉन का है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के लिए मैरिज लॉन को 10 लाख रुपये से अधिक खर्च कर बुक किया गया था। शादी के आयोजन को लेकर लॉन को भव्य तरीके से सजाया गया था। बारातियों के पहुंचने पर उनका स्वागत-सत्कार भी किया गया, लेकिन भोजन परोसने के दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया।



जानकारी के अनुसार, मेहमान जब खाना खा रहे थे, तभी एक वेटर स्टील का बड़ा बर्तन लेकर पहुंचा। बर्तन को देखते ही मेहमानों का ध्यान उसके बाहरी हिस्से पर बने कुत्तों के पंजों के निशान पर गया। यह देखकर मेहमान हैरान रह गए और उन्होंने खाना परोसने वाले कर्मचारियों पर नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।



मामला बढ़ता देख मैरिज लॉन के कर्मचारी और मैनेजर मौके पर पहुंचे। मेहमानों ने आरोप लगाया कि उन्हें कुत्ते के बर्तन में खाना परोसकर उनके सम्मान और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। वहीं, कर्मचारियों की ओर से इसे गलती बताया गया, लेकिन मेहमानों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।



मेहमानों ने खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि चावल ठीक से पके नहीं थे और भोजन भी संतोषजनक नहीं था। जब इस संबंध में कर्मचारियों से शिकायत की गई तो उन्होंने सुबह मैडम से बात करने की बात कही। इससे नाराज मेहमानों ने खाद्य सुरक्षा विभाग में शिकायत करने की चेतावनी दी।



इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मैरिज लॉन में मेहमानों और कर्मचारियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है। मामले को लेकर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि फिलहाल विभाग को इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।