DESK: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में एक बार फिर ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। राहत की बात यह है कि विमान में सवार ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित है और अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
बारामती एयरपोर्ट के पास ट्रेनिंग उड़ान के दौरान यह दुर्घटना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान लैंडिंग के समय रनवे से फिसल गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के तुरंत बाद राहत और जांच से जुड़ी टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई।
हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
बारामती में लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं ने एक बार फिर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रेनिंग उड़ानों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ महीनों में इसी क्षेत्र में ट्रेनिंग और चार्टर विमानों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे विमानन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मई 2026 में भी हुआ था हादसा
इससे पहले मई 2026 में भी बारामती एयरपोर्ट के पास एक ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। बताया गया था कि वह विमान रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी से जुड़ा था। उस समय तकनीकी खराबी के कारण विमान की क्रैश लैंडिंग हुई थी। हालांकि उस हादसे में भी ट्रेनी पायलट सुरक्षित बच गया था। मई की घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति और ट्रेनिंग उड़ानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे थे।
इसी साल जनवरी में पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार समेत 5 लोगों की हुई थी मौत
बारामती में इस साल जनवरी में एक बड़ा विमान हादसा भी हुआ था. बारामती एयरपोर्ट पर हुए चार्टर विमान हादसे में महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी. इस हादसे ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर दिया था. लगातार सामने आ रही विमान दुर्घटनाओं ने बारामती एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, विमान संचालन और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
बारामती में बार-बार हो रही विमान दुर्घटनाओं ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था, विमान संचालन और निगरानी प्रणाली को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। ताजा हादसे के बाद अब जांच एजेंसियां दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।